Saturday , 31 October 2026

मुजफ्फरनगर में दिल दहला देने वाली वारदात : पिटाई का बदला लेने के लिए चचेरे भाई ने की 9 साल के मासूम की हत्या, गन्ने के खेत में मिला शव

 मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां आपसी रंजिश और बदले की आग में नौ साल के एक मासूम बच्चे का पहले अपहरण किया गया और फिर गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। 28 अक्टूबर की शाम से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता 9 वर्षीय अमन का शव शुक्रवार को दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-58) के समीप स्थित एक ईख (गन्ने) के खेत से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और शक के आधार पर परिवार के ही 16 वर्षीय नाबालिग चचेरे भाई अरमान को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने उससे कड़ी पूछताछ की, तो उसने मासूम की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया।

चोरी के आरोप में हुई पिटाई का खौफनाक बदला मासूम की हत्या की वजह जानकर हर कोई स्तब्ध है। मृतक के चाचा गुलशेर ने बताया कि आरोपी अरमान रिश्ते में उनका भतीजा और मृतक का चचेरा भाई है। गुलशेर हरियाणा में जिस दुकान पर काम करता था, उसी दुकान में अरमान ने 18 अक्टूबर को चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी पकड़े जाने पर गुलशेर ने न केवल अरमान को पकड़कर दुकान मालिक के हवाले किया, बल्कि इस दौरान उसकी जमकर पिटाई भी कर दी थी। इसी अपमान और पिटाई का बदला लेने के लिए अरमान ने एक खौफनाक साजिश रची। उसने मुजफ्फरनगर आकर गुलशेर के 9 वर्षीय मासूम भतीजे अमन का अपहरण किया और सुनसान खेत में ले जाकर उसका गला घोंट दिया, जिसके बाद शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया।

पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई गुत्थी, आरोपी ने उगला सच मामले का खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाड़िक ने बताया कि 29 अक्टूबर को थाना रतनपुरी पुलिस को सूचना मिली थी कि सठेड़ी गांव से 9 वर्षीय अमन अचानक गायब हो गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की और बच्चे की तलाश के लिए दो से तीन विशेष टीमों का गठन किया। जांच के दौरान जब संदिग्धों से पूछताछ शुरू हुई, तो परिजनों और चाचा गुलशेर ने अरमान पर गहरा संदेह जताया। पुलिस ने तत्काल अरमान को हिरासत में लिया और मनोवैज्ञानिक तरीके से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया।

गन्ने के खेत से मिला शव, आरोपी बाल सुधार गृह भेजने की तैयारी एसपी ग्रामीण के मुताबिक, आरोपी अरमान ने पूछताछ में बताया कि हरियाणा में चाचा गुलशेर द्वारा की गई पिटाई की रंजिश उसके दिमाग में चल रही थी। उसी का बदला चुकाने के लिए उसने 29 अक्टूबर को अमन का अपहरण कर उसकी जान ले ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने 30 अक्टूबर को 24 घंटे के भीतर हाईवे किनारे ईख के खेत से मासूम का शव बरामद कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सीओ बुढ़ाना और एसएचओ रतनपुरी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Check Also

बरेली में युवक का प्राइवेट पार्ट काटने का सनसनीखेज मामला: परिजनों का आरोप- जबरन किन्नर बनाने की रची गई साजिश; पीड़ित ने किया जबरदस्ती से इनकार

उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद स्थित फरीदपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चौंकाने …