Tuesday , 21 April 2026

क्रिकेटर यूसुफ पठान के ससुर और साले गिरफ्तार: मुंबई में कार से पानी उछलने पर खूनी संघर्ष, CCTV में कैद हुई वारदात

मुंबई: टीम इंडिया के पूर्व स्टार ऑलराउंडर और पश्चिम बंगाल के बहरामपुर से सांसद युसूफ पठान के परिवार से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मुंबई पुलिस ने यूसुफ पठान के ससुर और साले समेत तीन करीबियों को मारपीट के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामूली सी बात से शुरू हुआ यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला डंडेबाजी और गंभीर चोट पहुंचाने तक जा पहुंचा। फिलहाल, कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

कार से पानी क्या उछला, शुरू हो गया ‘सड़क संग्राम’

यह पूरी घटना शनिवार (18 अप्रैल) की रात करीब 9 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, मुंबई के स्थानीय निवासी यूसुफ खान (30 वर्ष) अपनी कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में एक गड्ढे में भरे पानी पर जैसे ही उनकी कार का टायर गया, पानी की कुछ बूंदें पास खड़े शोएब खान (35 वर्ष) पर गिर गईं। बता दें कि शोएब खान सांसद यूसुफ पठान के साले हैं। पानी उछलने की इस छोटी सी बात ने देखते ही देखते एक बड़े झगड़े का रूप ले लिया।

माफी मांगने के बाद भी नहीं पसीजा दिल, कार के तोड़े शीशे

पीड़ित यूसुफ खान का आरोप है कि पानी उछलने के बाद उन्होंने तुरंत गाड़ी रोकी और शराफत दिखाते हुए शोएब से माफी भी मांगी। लेकिन माफी स्वीकार करने के बजाय शोएब खान गाली-गलौज पर उतारू हो गए। आरोप है कि शोएब ने गुस्से में आकर बांस के डंडे से यूसुफ खान की कार का शीशा तोड़ दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाकर जब पीड़ित अपने घर पहुंचा, तो परिजनों ने उसे पुलिस स्टेशन जाने की सलाह दी।

बीच रास्ते में ससुर और साले ने दोबारा किया हमला

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब यूसुफ खान शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे। रास्ते में उन्हें यूसुफ पठान के ससुर खालिद खान अपने बेटों उमरशाद खान, शोएब खान और एक अन्य साथी शहबाज पठान के साथ मिल गए। वहां फिर से बहस हुई और मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि खालिद खान और उनके बेटों ने मिलकर यूसुफ पर दोबारा जानलेवा हमला किया। इस पूरी घटना का एक खौफनाक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सरेराह मारपीट होती साफ दिखाई दे रही है।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 मई तक सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए बायकुला पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने यूसुफ पठान के ससुर खालिद खान, साले उमरशाद खान और शोएब खान को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, चौथा आरोपी शहबाज पठान पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में छापेमारी जारी है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 मई तक के लिए न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है। पुलिस ने इनके खिलाफ मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज किया है।

Check Also

उत्तर भारत में ‘आग’ उगल रहा आसमान: दिल्ली में 44 डिग्री के साथ जून जैसी तपिश, जानें कब मिलेगी भीषण गर्मी से राहत

नई दिल्ली: उत्तर भारत में कुदरत का मिजाज इस साल डराने लगा है। अभी अप्रैल …