लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी त्योहारों, महत्वपूर्ण पुलिस भर्ती परीक्षा और राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शासन-प्रशासन को पूरी तरह ‘हाई अलर्ट’ पर रहने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में सीएम योगी ने दो टूक कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी धार्मिक आयोजन से जनता को असुविधा नहीं होनी चाहिए और न ही कोई नई परंपरा शुरू करने की इजाजत दी जाएगी।
15 लाख अभ्यर्थी देंगे SI भर्ती परीक्षा, ट्रैफिक और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री ने 14 और 15 मार्च को होने वाली सब-इंस्पेक्टर (SI) एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश के 1090 केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में करीब 15.75 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।
-
परीक्षा की शुचिता: पेपर लीक या किसी भी धांधली को रोकने के लिए इंटेलिजेंस तंत्र को सक्रिय किया गया है।
-
ट्रैफिक मैनेजमेंट: अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए परिवहन और ट्रैफिक के ऐसे इंतजाम करने को कहा गया है जिससे जाम की स्थिति न बने।
-
सुरक्षा चक्र: हर परीक्षा केंद्र के बाहर PRV-112 की तैनाती अनिवार्य होगी और स्टेटिक मजिस्ट्रेट पल-पल की निगरानी करेंगे।
अलविदा की नमाज से लेकर रामनवमी तक, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
आने वाले दिनों में 13 मार्च को अलविदा की नमाज, फिर चैत्र नवरात्र और 20-21 मार्च को ईद-उल-फितर मनाए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने विंध्यवासिनी धाम, देवीपाटन और शाकुम्भरी देवी जैसे शक्तिपीठों में विशेष स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।
अयोध्या पर विशेष फोकस: 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर अयोध्या में देश-दुनिया से लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। साथ ही 19 मार्च को राष्ट्रपति का अयोध्या और मथुरा दौरा भी प्रस्तावित है, जिसके लिए प्रोटोकॉल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
तेल की किल्लत और जमाखोरी पर सीएम का सख्त रुख
वैश्विक परिस्थितियों के बीच पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर मुख्यमंत्री ने समीक्षा की। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि यूपी में ईंधन की कोई कमी नहीं है। हालांकि, सीएम ने खाद्य एवं रसद विभाग को चेतावनी दी है कि कहीं भी ‘कृत्रिम संकट’ (Artificial Crisis) या घबराहट की स्थिति पैदा न होने दी जाए। उन्होंने साफ कहा कि अगर कोई दुकानदार या बिचौलिया जमाखोरी या कालाबाजारी करता पाया गया, तो उस पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर ‘डिजिटल स्ट्राइक’, अफवाहों का तत्काल होगा खंडन
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर 24×7 नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों या परीक्षाओं के दौरान अक्सर भ्रामक सूचनाएं फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जाती है। ऐसे मामलों में पुलिस को तुरंत खंडन जारी करने और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने के निर्देश दिए गए हैं। फुट पेट्रोलिंग और सेक्टर स्कीम लागू कर अधिकारी खुद फील्ड में उतरकर सुरक्षा का जायजा लेंगे।
voice of india
