Tuesday , 28 April 2026

वाराणसी में बरसे सीएम योगी: बोले- ‘आधी आबादी’ का अपमान करने वालों को जनता देगी जवाब, नारी शक्ति के अपमान पर विपक्ष को घेरा

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने हमेशा नारी शक्ति के सम्मान और सुरक्षा की राह में रोड़े अटकाए हैं। मंगलवार शाम बरेका (BLW) मैदान में आयोजित ‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला सशक्तीकरण का जो संकल्प लिया है, उसे विपक्षी गठबंधन ने रोकने का कुत्सित प्रयास किया।

मंच पर खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी मौजूदगी में योगी आदित्यनाथ ने विरोधियों को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि देश की संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के ऐतिहासिक कदम को रोकने के लिए सपा और कांग्रेस ने जो नकारात्मक रवैया अपनाया, आज उसी के खिलाफ पूरे देश की महिलाओं में भारी आक्रोश है।

‘नया भारत’ केवल विकास नहीं, समग्र उत्थान का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को “नवे भारत का निर्माता” बताते हुए कहा कि आज हम जिस नए भारत का दर्शन कर रहे हैं, वह केवल भौतिक विकास (सड़क, बिजली, पानी) तक सीमित नहीं है। यह नया भारत समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं, गरीबों, युवाओं और अन्नदाताओं के समग्र उत्थान की अवधारणा को जी रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकसित भारत की संकल्पना अब धरातल पर साकार होती दिख रही है और इसका श्रेय प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व को जाता है।

भीषण गर्मी में काशी की मातृशक्ति का वंदनीय उत्साह

वाराणसी की भीषण गर्मी के बावजूद सम्मेलन में उमड़ी महिलाओं की भारी भीड़ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी की महिलाओं का यह उत्साह वंदनीय है। बड़ी संख्या में महिलाओं का इस तरह प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना इस बात का प्रमाण है कि देश की ‘आधी आबादी’ पूरी मजबूती के साथ मोदी सरकार के विजन और कल्याणकारी योजनाओं के साथ खड़ी है।

बदल गई काशी की तस्वीर, विरासत और विकास का अद्भुत संगम

काशी की आध्यात्मिक शक्ति और प्राचीनता का उल्लेख करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले एक दशक में काशी के बारे में दुनिया की धारणा बदल गई है। प्रधानमंत्री ने काशी की परंपराओं को जीवंतता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की शाश्वत चेतना का केंद्र अब भव्य ‘काशी विश्वनाथ धाम’ के रूप में पूरी दुनिया को आकर्षित कर रहा है। विरासत और विकास का जो समन्वय काशी में दिख रहा है, वही आज पूरे उत्तर प्रदेश और देश की पहचान बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने अंत में प्रधानमंत्री के उस कथन को दोहराया जिसमें वे कहते हैं कि देश में केवल चार जातियां हैं- नारी, गरीब, युवा और अन्नदाता। उन्होंने आह्वान किया कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए नारी शक्ति का यह समर्थन अत्यंत निर्णायक साबित होगा।

Check Also

काशी में बोले पीएम मोदी : महिला आरक्षण लागू करने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ूंगा

-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में नारी वंदन सम्मेलन को किया संबोधित-वाराणसी के लिए 6330 …