
नई दिल्ली। ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के शौकीन भारतीय युवाओं की जेब से निकलने वाला पैसा किस तरह गुपचुप तरीके से विदेश पहुंचाया जा रहा था, इसका एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आयकर विभाग (Income Tax Department) ने अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चीन से जुड़े अवैध ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी ऐप्स के 2,700 करोड़ रुपये के विशाल पेमेंट नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। यह पूरा गोरखधंधा भारत में मौजूद एक पेमेंट मीडिएटर और दर्जनों कागजी (शेल) कंपनियों के बेहद शातिर जाल के सहारे संचालित किया जा रहा था।
6.2 करोड़ की क्रिप्टोकरेंसी जब्त, दुबई के दो आलीशान फ्लैटों का भी लगा सुराग ‘द इकोनॉमिक टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, आयकर विभाग की इस छापेमारी के दौरान करीब 6.2 करोड़ रुपये मूल्य की अघोषित क्रिप्टोकरेंसी जब्त की गई है। इसके साथ ही जांच अधिकारियों को दुबई में खरीदे गए दो ऐसे फ्लैटों की भी जानकारी मिली है, जिन्हें टैक्स एजेंसियों से छिपाकर रखा गया था। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इन दोनों प्रॉपर्टी को खरीदने के लिए क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से करीब 10 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। टैक्स अधिकारियों ने क्रिप्टो के रास्ते विदेश भेजे गए इस अवैध धन के पूरे रूट का पता लगा लिया है और इन फर्जी कंपनियों के पीछे बैठे असली मास्टरमाइंड्स की भी पहचान कर ली गई है।
डिजिटल आर्ट के नाम पर ऐसे चलता था UPI वसूली का पूरा खेल इस पूरी जांच के केंद्र में ‘1stPe’ नाम का एक डमी डिजिटल आर्ट प्लेटफॉर्म और इसके प्रमोटर हैं। इसके सर्वर डेटा की शुरुआती पड़ताल में बेहद चौंकाने वाले आंकड़े उजागर हुए हैं। जुलाई 2023 से अक्टूबर 2026 के बीच, यानी लगातार 40 महीनों तक इस प्लेटफॉर्म ने चीनी गेमिंग ऐप्स की ओर से भारतीय खिलाड़ियों से करीब 2,700 करोड़ रुपये इकट्ठा किए और इसके बदले कमीशन के रूप में 1stPe ने लगभग 170 करोड़ रुपये की मोटी कमाई की। दरअसल, चीन से जुड़ी गेमिंग कंपनियां नियमों के कारण भारतीय यूजर्स से सीधे UPI के जरिए पैसा नहीं ले सकतीं। इसी रुकावट को पार करने के लिए यह पूरा तंत्र खड़ा किया गया था। गेमिंग प्लेटफॉर्म के सर्वरों को 1stPe से जुड़ने की विशेष अनुमति दी गई थी, जो एक भारतीय पेमेंट मीडिएटर की तरह काम कर रहा था। 1stPe के प्रमोटरों के सहयोगियों ने कई कागजी कंपनियां बनाईं, जिन्होंने डिजिटल आर्ट प्रोडक्ट बेचने वाली फर्जी वेबसाइटें तैयार कीं और खुद को असली कारोबारी बताकर भारतीय पेमेंट मीडिएटर से मर्चेंट आईडी (MID) हासिल कर ली। जैसे ही कोई भारतीय खिलाड़ी किसी गेमिंग ऐप में UPI से पैसा जमा करता, पेमेंट की रिक्वेस्ट पहले 1stPe के पास जाती और वहां से किसी शेल कंपनी की मर्चेंट आईडी के जरिए आगे भेज दी जाती। पेमेंट गेटवे ‘Airpay’ इस लेनदेन को डिजिटल आर्ट की बिक्री मानकर दर्ज कर लेता था और रकम उस शेल कंपनी के बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाती थी, जिसमें से 1stPe हर ट्रांजेक्शन पर अपना कमीशन काट लेता था।
बैंक खाता फ्रीज होते ही तुरंत बदल दी जाती थी कागजी कंपनी आयकर विभाग की तफ्तीश में यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया कि इन कंपनियों का डिजिटल आर्ट के कारोबार से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं था और ये केवल गेमिंग का पैसा बटोरने के लिए मुखौटे के तौर पर इस्तेमाल हो रही थीं। किसी बैंक या जांच एजेंसी को शक न हो, इसके लिए पूरी रकम को एक ही खाते में जमा करने के बजाय कई अलग-अलग कंपनियों के खातों में बांटा जाता था, ताकि किसी एक खाते में अचानक भारी लेनदेन दिखाई न दे। इस सिंडिकेट को चलाने वाले शातिर अपराधी इतने सतर्क थे कि जैसे ही कोई बैंक या पेमेंट मीडिएटर संदिग्ध गतिविधि भांपकर किसी कंपनी का खाता फ्रीज करता, पेमेंट का पूरा ट्रैफिक पलक झपकते ही दूसरी कंपनी पर शिफ्ट कर दिया जाता था। लेनदेन की रफ्तार न थमे, इसके लिए लगातार नई शेल कंपनियां खड़ी की जाती थीं, जिनमें नाममात्र के यानी नॉमिनी डायरेक्टर नियुक्त किए जाते थे, वर्चुअल ऑफिस दिखाए जाते थे और नई डमी वेबसाइट बनाकर ताजा मर्चेंट आईडी ले ली जाती थी।
सर्वर से मिले 113 क्लाइंट लॉगिन, ‘Hope’ के जरिए चल रहे थे बड़े सट्टेबाजी ऐप अधिकारियों ने जब 1stPe के सर्वर डेटा को खंगाला, तो उसमें चीनी गेमिंग और सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़े 113 क्लाइंट लॉगिन मिले। इनमें KumarPay, BuddyPay, RummyPepper, BlueBerryRummy, Zoomnakki, DeepRummy और Xxv918 जैसे कई चर्चित नाम शामिल हैं। जांच में यह भी दिलचस्प तथ्य सामने आया कि KumarPay, Xxv918 और RummyPepper एक ही कॉमन पेरेंट लॉगिन के तहत काम कर रहे थे, जिसे ‘Hope’ (होप) नाम से संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा सर्वर डेटा में KingGameRummy, WildBearRummy, VistonGame, LuckyStar और 1Win जैसे अन्य गेमिंग और बेटिंग प्लेटफॉर्म के नाम भी उजागर हुए हैं, जिनके जरिए भारतीय नागरिकों की गाढ़ी कमाई इस अवैध नेटवर्क के माध्यम से विदेश भेजी जा रही थी।
voice of india