कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर-सागर नेशनल हाईवे पर बुधवार की सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक के बाद एक आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। पतारा कस्बे के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में बारातियों से भरी ईको वैन और डंपर के बीच सीधी टक्कर हुई, जिसकी चपेट में आकर कई अन्य गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में 16 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पतारा चौकी इंचार्ज भी चोटिल हो गए हैं।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मोड़ पर बंद हुई वैन बनी काल
जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात के मूसेपुर गांव से एक बारात घाटमपुर के उमरी गांव गई थी। बुधवार सुबह बाराती ईको वैन में सवार होकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वैन घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारा स्थित तिलसड़ा मोड़ के पास पहुंची और मुड़ने लगी, अचानक बीच सड़क पर ही बंद हो गई। इसी दौरान घाटमपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे से आ रहे अन्य वाहन भी एक-दूसरे से जा भिड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
रेस्क्यू में जुटे चौकी इंचार्ज घायल, 20 किमी लंबा लगा जाम
हादसे की सूचना मिलते ही पतारा चौकी पुलिस और एनएचआई (NHAI) की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पतारा चौकी इंचार्ज के हाथ में भी चोट आई है। दुर्घटना के कारण हाईवे के दोनों ओर लगभग 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हादसे में घायल हुए 16 लोगों की सूची
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, घायलों में प्रांशु शुक्ला (20), आशीष शर्मा (20), खुशीराम (50), रुद्र (30), नरेश (40), मोहित (40), प्रदीप (40), सागर (14), राजेश (40), मनोज कुमार (45), रामबाबू, हसीम (45), सारनाथ (45), जयराम (50), अजय कुमार (45) और सलमान (45) शामिल हैं। ये सभी मूसेपुर, मूसानगर और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए पतारा सीएचसी के डॉक्टरों ने सभी को जिला अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया है, जबकि कुछ मामूली घायलों का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
क्रेन और जेसीबी से हटाए गए वाहन, रूट डायवर्जन लागू
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया था। पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद एनएचआई की क्रेन और जेसीबी बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे करवाया। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन ने हमीरपुर की ओर से घाटमपुर चौराहे और कानपुर की ओर से रमईपुर चौराहे से रूट डायवर्जन लागू किया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका।
खड़ी पिकअप से टकराई बाइक, किशोर की मौत
नौबस्ता थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एनएच-19 हाईवे पर हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे घायल हो गए। सभी एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक हाइवे पर पिकअप मंगलवार रात करीब 11 बजे से खराब हालत में खड़ी थी। पिकअप चालक ने इसकी सूचना पूर्व में एनएचएआई को दे दी थी। बुधवार सुबह करीब सात बजे पीछे से आ रही अनियंत्रित होकर पिकअप में जा टकराई।
हादसे के समय बाइक पर चार बच्चे सवार थे, जो भदरस से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया।
उपचार के दौरान बाइक चालक शिवा गौतम (17) पुत्र विजय गौतम निवासी मौईया गांव थाना चकेरी की मौत हो गई। अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
voice of india
