Sunday , 31 May 2026

खूनी अंजाम: पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले पति ने भी किया सुसाइड, वारदात के 24 घंटे बाद इस हालत में मिला शव

WhatsApp Image 2026 03 06 at 20.29.24

बृजमनगंज (महराजगंज): महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात का खौफनाक अंत हुआ है। जिस पति ने एक दिन पहले अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी थी, शुक्रवार को उसी पति का शव घर के भीतर पंखे से लटका मिला। इस दोहरी मौत की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव छावनी में तब्दील हो गया है।

वारदात के 24 घंटे बाद मिला हत्यारे पति का शव

घटनाक्रम के अनुसार, ग्राम सभा सौराहा खास में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आरोपी मुर्तुजा के ससुराल वाले उसके घर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। जब एक युवक ने किसी तरह दरवाजा खोला और अंदर दाखिल हुआ, तो कमरे का मंजर देखकर उसकी चीख निकल गई। पत्नी का हत्यारा मुर्तुजा छत के पंखे के सहारे फंदे पर झूल रहा था। शोर मचते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

क्या था पूरा मामला? कुल्हाड़ी से की थी पत्नी की हत्या

गौरतलब है कि बीते गुरुवार को मुर्तुजा और उसकी पत्नी नाजमा के बीच पारिवारिक विवाद चरम पर पहुंच गया था। नाजमा अपना सामान लेने ससुराल आई हुई थी, तभी गुस्से से पागल मुर्तुजा ने कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए थे। इस हमले में नाजमा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही मुर्तुजा फरार बताया जा रहा था, लेकिन शुक्रवार को उसका शव उसके अपने ही घर में मिला।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने किया मौका-ए-मुआयना, जांच तेज

दोहरी मौत की इस गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस महकमा अलर्ट पर है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी फरेंदा, अनिरुद्ध ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय पुलिस को साक्ष्य संकलन और मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि मुर्तुजा ने हत्या के तुरंत बाद सुसाइड किया या वह रात भर घर में ही छिपा रहा।

गांव में मातम और दहशत का माहौल

एक ही परिवार में दो मौतों के बाद सौराहा खास गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने मुर्तुजा के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय महराजगंज भेज दिया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही समय और कारणों का पुख्ता पता चल सकेगा। फिलहाल, ससुराल और मायके पक्ष के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Check Also

मौसम का मिजाज: देश के 15 राज्यों में प्री-मानसून आंधी-बारिश का अलर्ट; यूपी-बिहार में आसमानी आफत से 48 लोगों की मौत, इनोवा समेत 10 गाड़ियां बहीं

देश के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम ने अचानक करवट …