Sunday , 19 April 2026

बरेली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: राइस मिलर के घर डकैती डालने वाले बदमाशों से मुठभेड़, दो को लगी गोली, 4 गिरफ्तार

1cfc625b95dafe3f0dff0cb93368fefe

बरेली (भोजीपुरा): उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए राइस मिलर के घर हुई सनसनीखेज डकैती का पर्दाफाश कर दिया है। रविवार देर रात भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौंराटांडा में पुलिस और बदमाशों के बीच तीखी मुठभेड़ हुई। इस दौरान जवाबी फायरिंग में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटी गई लाखों की नकदी और जेवर भी बरामद कर लिए हैं।

आधी रात को बंधक बनाकर लूटे थे 8 लाख और जेवर

वारदात गुरुवार देर रात करीब दो बजे की है, जब बदमाशों ने राइस मिलर मोहम्मद रिहान के घर पर धावा बोला था। बदमाश घर का चैनल काटकर अंदर दाखिल हुए और अकील अहमद को काबू कर उनके हाथ-पांव बांध दिए। इसके बाद रिहान और उनके भाई पर तमंचा तानकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने पूरे घर को खंगालते हुए अलमारी से 8.32 लाख रुपये नकद और करीब छह तोला सोने के जेवर लूट लिए थे। भागते समय एक बदमाश छत से कूदने के कारण घायल हो गया था, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया था, वहीं बाकी फरार हो गए थे।

मुठभेड़ में अकरम और आसिफ के पैर में लगी गोली

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर गठित पुलिस टीमें लगातार बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही थीं। रविवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रुकने का इशारा किया, जिस पर सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अकरम अली और आसिफ के पैर में गोली लगी, जिससे वे वहीं ढेर हो गए। पुलिस ने मौके से इनके साथी साहिल और शाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी बोले- पूरे नेटवर्क का होगा खात्मा

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि डकैती की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कई टीमें लगाई गई थीं। मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटी गई रकम, अवैध तमंचे और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद हुआ है। पुलिस अब इन बदमाशों के आपराधिक इतिहास और गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है। इस एनकाउंटर के बाद इलाके के व्यापारियों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। पुलिस जल्द ही इस गिरोह के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है।

Check Also

कानपुर में बवाल: चंपतनेवादा में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, पथराव के बाद पुलिस छावनी बना गांव; जानें क्या है पूरा मामला

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर स्थित बिल्हौर के ककवन थाना क्षेत्र में गुरुवार की …