Wednesday , 13 May 2026

बड़ी खबर: सीएम योगी का बड़ा फैसला, मंत्रियों की फ्लीट में 50% की कटौती; जनता से की ये खास अपील….जारी हुई नई एडवाइजरी

लखनऊ: वैश्विक उथल-पुथल और भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में ‘मितव्ययिता और स्वदेशी’ का नया मंत्र फूंका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए सीएम योगी ने न केवल आम जनता से सहयोग मांगा है, बल्कि खुद शासन और प्रशासन के लिए भी कड़े निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सरकारी तामझाम कम होगा और फिजूलखर्ची पर पूरी तरह लगाम कसी जाएगी।

सरकारी बेड़े में बड़ी कैंची: मंत्रियों के काफिले से हटेंगे वाहन

मुख्यमंत्री ने एक उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव और डीजीपी को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों की फ्लीट (काफिला) में तत्काल प्रभाव से 50 प्रतिशत तक की कमी की जाए। उन्होंने कहा कि काफिले में केवल आवश्यक वाहन ही रहेंगे, अनावश्यक गाड़ियों को हटाकर ईंधन की बचत की जाएगी। इसके अलावा, सीएम ने सरकारी बैठकों, सेमिनारों और वर्कशॉप को अब फिजिकल के बजाय ‘वर्चुअल मोड’ पर करने पर जोर दिया है, ताकि समय और संसाधनों की बचत हो सके।

ईंधन बचाने के लिए ‘नो व्हीकल डे’ और वर्क फ्रॉम होम पर जोर

बढ़ती ईंधन खपत को नियंत्रित करने के लिए सीएम योगी ने नई कार्य संस्कृति का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों और अधिकारियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन (Public Transport) का उपयोग करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि स्कूल-कॉलेजों और कार्यालयों में ‘नो व्हीकल डे’ मनाया जाए। साथ ही, औद्योगिक संस्थानों और बड़े स्टार्टअप्स में ‘वर्क फ्रॉम होम’ (WFH) को बढ़ावा देने के लिए एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए हैं। कार्यालयों में भीड़ और ट्रैफिक कम करने के लिए ऑफिस टाइमिंग को अलग-अलग शिफ्टों में बांटने पर भी विचार किया जा रहा है।

शादियों और निवेश पर सीएम की सलाह: ‘अनावश्यक सोना न खरीदें’

आर्थिक मोर्चे पर सावधानी बरतते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से एक बेहद महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अनावश्यक सोने (Gold) की खरीद से बचें और अगले छह महीने तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं को टाल दें। उन्होंने वेडिंग प्लानर्स और आम नागरिकों से अपील की कि विदेशों के बजाय यूपी के हेरिटेज साइट्स और किलों में ‘डेस्टिनेशन वेडिंग’ करें। इससे न केवल विदेशी मुद्रा बचेगी, बल्कि स्थानीय पर्यटन (Visit My State) को भी बढ़ावा मिलेगा।

बिजली और खान-पान में भी बदलाव की तैयारी

ऊर्जा संरक्षण को लेकर सीएम ने कहा कि रात 10 बजे के बाद व्यावसायिक परिसरों में सजावटी लाइटों का न्यूनतम प्रयोग हो। इसके साथ ही, स्वास्थ्य और घरेलू बचत के लिए उन्होंने लोगों से खाद्य तेल (Cooking Oil) के उपयोग में कमी लाने का आग्रह किया है। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूलों, जेलों, पुलिस मेस और कैंटीन में कम तेल वाले भोजन को प्राथमिकता दी जाए। प्राकृतिक खेती (Natural Farming) और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के विस्तार पर भी सीएम का विशेष फोकस रहा।

स्वदेशी को बढ़ावा: उपहार में मिलेंगे ODOP उत्पाद

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब सरकारी आयोजनों में उपहार के तौर पर केवल ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) और जीआई टैग प्राप्त स्वदेशी उत्पाद ही दिए जाएंगे। उन्होंने स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘स्वदेशी’ अपनाने का नारा दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रवासियों को भी संदेश भेजा कि वे जब भी भारत आएं, यूपी के पर्यटन स्थलों, मंदिरों और स्थानीय मेलों का दीदार जरूर करें।

Check Also

NEET UG 2026 पेपर लीक: 30 लाख तक में बिका एक-एक पेपर, महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से एक और आरोपी गिरफ्तार; ऐसे खुला ‘सफेदपोश’ माफिया का राज

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले ने अब एक भीषण संगठित अपराध का रूप ले लिया …