Monday , 4 May 2026

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: योगी सरकार ने 38 IAS अधिकारियों का किया तबादला, मुरादाबाद और देवरिया समेत 8 जिलों के बदले गए DM

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार की देर रात प्रशासनिक अमले में एक बड़ी सर्जरी करते हुए 38 आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल में आठ जिलों—देवरिया, जौनपुर, प्रतापगढ़, मुरादाबाद, फिरोजाबाद, मऊ, महाराजगंज और संभल के जिलाधिकारियों को बदला गया है। खास बात यह है कि इस्तीफा देने के बाद सेवा में वापसी करने वाले आईएएस रिंकू राही को भी नई तैनाती दी गई है।

इन 8 जिलों को मिले नए जिलाधिकारी

मुख्यमंत्री के विशेष सचिव मधुसूदन हुल्गी को देवरिया का नया डीएम नियुक्त किया गया है। इसी तरह सैमुअल पाल एन को जौनपुर, आनंद वर्धन को मऊ, और गौरव सिंह सोगरवाल को महाराजगंज का जिलाधिकारी बनाया गया है। संभल के डीएम रहे राजेंद्र पेंसिया अब मुरादाबाद की कमान संभालेंगे, जबकि संतोष कुमार शर्मा को फिरोजाबाद और अभिषेक पांडेय को प्रतापगढ़ का नया डीएम नियुक्त किया गया है। आगरा के नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल अब संभल के नए जिलाधिकारी होंगे।

मुख्यमंत्री सचिवालय और अन्य विभागों में बदलाव

देवरिया की डीएम रहीं दिव्या मित्तल को विशेष सचिव (राजस्व विभाग) और मुरादाबाद के डीएम अनुज सिंह को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं, जौनपुर के पूर्व डीएम डॉ. दिनेश चंद्र अब लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव होंगे। आईएएस नेहा जैन को यूपी डेस्को से हटाकर केस्को (कानपुर) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। सी इंदुमती को निदेशक (महिला कल्याण) और वंदना वर्मा को विशेष सचिव (चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नगर आयुक्त और सीडीओ स्तर पर भी बड़े फेरबदल

गोरखपुर के नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के डीएम बनने के बाद लखनऊ के सीडीओ अजय जैन को गोरखपुर का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। प्रफुल्ल कुमार शर्मा लखनऊ के नए मुख्य विकास अधिकारी (CDO) होंगे। इसी तरह गाजीपुर के सीडीओ संतोष कुमार वैश्य को आगरा का नगर आयुक्त बनाया गया है। कानपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल को विशेष सचिव (आयुष विभाग) भेजा गया है, जबकि अंकुर कौशिक अब कानपुर विकास प्राधिकरण के नए उपाध्यक्ष होंगे।

रिंकू राही की वापसी, कई संयुक्त मजिस्ट्रेट को मिली नई जिम्मेदारी

प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय रहे रिंकू राही को जालौन का संयुक्त मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इनके अलावा कई युवा आईएएस अधिकारियों को सीडीओ के रूप में प्रमोट किया गया है, जिनमें कुमार सौरभ को गाजियाबाद, दयानंद प्रसाद को गोण्डा और आलोक प्रसाद को गाजीपुर का सीडीओ नियुक्त किया गया है। सान्या छाबड़ा अब कानपुर में अपर आयुक्त (राज्य कर) की जिम्मेदारी संभालेंगी।

Check Also

यूपी कैबिनेट की अहम बैठक आज: कर्मचारियों के लिए ‘गुड न्यूज’ संभव; 2% DA और नई तबादला नीति पर लगेगी मुहर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आज कर्मचारियों और विकास परियोजनाओं को लेकर कई बड़े …