लखनऊ। उत्तर प्रदेश की शासन व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने शुक्रवार की देर शाम एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन स्तर से जारी आदेश के मुताबिक, राज्य में बड़े पैमाने पर प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं। इस फेरबदल के तहत नौ सीनियर पीसीएस अफसरों समेत कई एडीएम (ADM), मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO), अपर नगर आयुक्त और सिटी मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारियों में भारी बदलाव किया गया है। सरकार के इस अचानक उठाए गए कदम से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
इन जिलों के एडीएम और मुख्य राजस्व अधिकारियों के बदले प्रभार
शासन द्वारा जारी लिस्ट के अनुसार, सुल्तानपुर में मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) के पद पर तैनात रहे आलोक कुमार वर्मा को अब पदोन्नत करते हुए अपर आयुक्त वाराणसी के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, संस्कृति विश्वविद्यालय में अपर निदेशक और कुलसचिव के रूप में कार्यरत श्रीमती सृष्टि धवन को सुल्तानपुर का नया मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) बनाया गया है। गाजीपुर में तैनात मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी का ट्रांसफर करते हुए उन्हें सीतापुर का नया अपर जिलाधिकारी (ADM) नियुक्त किया गया है।
मेरठ और नोएडा में भी प्रशासनिक फेरबदल
तबादलों की इस कड़ी में नोएडा स्थानांतरित किए गए अपर जिलाधिकारी सुशील प्रताप सिंह को अब भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय का अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय लखनऊ और साथ ही लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में संयुक्त सचिव व कुलसचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके अलावा, मेरठ में एडीएम के पद पर तैनात बृजेश कुमार सिंह को मेरठ में ही एडीएम (नगर) के पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं, मेरठ ट्रांसफर किए गए एडीएम अनिरुद्ध प्रताप सिंह को अब मुजफ्फरनगर का एडीएम बनाया गया है। उन्नाव के सिटी मजिस्ट्रेट रहे राजीव राज को एडीएम जालौन की जिम्मेदारी दी गई है। मुजफ्फरनगर के एडीएम रहे अजीत कुमार सिंह को अब नोएडा का नया एडीएम नियुक्त किया गया है।
गोरखपुर और वाराणसी नगर निगम में नए अपर नगर आयुक्त
गोरखपुर और वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण महानगरों के नगर निगमों में भी बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। वाराणसी नगर निगम में अपर आयुक्त रहे दुर्गेश मिश्रा को अब गोरखपुर नगर निगम का अपर नगर आयुक्त बनाया गया है। इसके साथ ही, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के उप सचिव रहे गौरव रंजन श्रीवास्तव को भी गोरखपुर नगर निगम में अपर नगर आयुक्त के पद पर भेजा गया है। वहीं, गोरखपुर स्थानांतरित की गईं श्रीमती सीमा पांडेय को अब वाराणसी नगर निगम में अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी संभालनी होगी। चंदौली के एसडीएम रहे अनुपम मिश्रा को प्रयागराज में लोक सेवा आयोग का नया उप सचिव नियुक्त किया गया है।
आजमगढ़, बुलंदशहर और बदायूं में नए अफसरों की तैनाती
प्रशासनिक फेरबदल में जालौन के एडीएम पद पर स्थानांतरित हुए नितीश कुमार सिंह को अब बुलंदशहर का एडीएम (प्रशासन) बनाया गया है। बुलंदशहर में एडीएम (प्रशासन) के पद पर कार्यरत प्रमोद कुमार पांडेय को प्रमोट कर आजमगढ़ मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। हरदोई के सिटी मजिस्ट्रेट रहे सुनील कुमार त्रिवेदी को मुख्य राजस्व अधिकारी बनाकर गाजीपुर भेजा गया है, जबकि हाथरस के एसडीएम रहे संजय कुमार को हरदोई का नया सिटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। बलिया के मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन को बदायूं का नया अपर जिलाधिकारी (ADM) बनाया गया है, जबकि बदायूं के एडीएम रहे सुरेश पाल को अब बलिया का नया मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) नियुक्त किया गया है। जालौन के एसडीएम रहे मनोज कुमार सिंह को उन्नाव का नया सिटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
प्रयागराज में उप निबंधकों के तबादले, चार प्रशिक्षु अफसरों की एंट्री
प्रशासनिक फेरबदल का असर निबंधन विभाग पर भी पड़ा है। प्रयागराज जिले के दो उप निबंधकों (Sub-Registrars) का तबादला कर दिया गया है। सोरांव तहसील में तैनात उप निबंधक विभा द्विवेदी तिवारी का ट्रांसफर लखनऊ के मोहनलालगंज में किया गया है। उनकी जगह पर बरेली के बहेड़ी से आईं अनामिका सिंह को सोरांव तहसील का नया उप निबंधक बनाया गया है। फूलपुर में तैनात डॉ. प्रभा मिश्रा को बहराइच के प्रयागपुर भेजा गया है, और उनकी जगह लखनऊ के बख्शी का तालाब से संतोष कुमार यादव को प्रयागराज के फूलपुर में तैनात किया गया है।
एआईजी स्टांप राकेश चंद्रा के मुताबिक, जिले को चार नए प्रशिक्षु उप निबंधक भी मिले हैं। इनमें दीक्षा गौतम, नीरज कुमार सरोज, विवेक गुप्ता और श्रीकांत यादव शामिल हैं। इन चारों प्रशिक्षु अधिकारियों को डेढ़ महीने का कड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें से 30 दिन ये प्रयागराज की विभिन्न तहसीलों के उप निबंधक कार्यालयों में रहकर काम सीखेंगे और अंतिम 15 दिन का प्रशिक्षण मुख्यालय में पूरा करेंगे।
voice of india
