Tuesday , 21 April 2026

UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 15 DM समेत 40 IAS अफसरों के तबादले, देखें किसे मिली कहां की जिम्मेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से रविवार देर रात एक बड़ा फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने 15 जिलाधिकारियों (DM) सहित कुल 40 आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस सूची में कई जिलों के कप्तानों को बदला गया है, वहीं कुछ को महत्वपूर्ण विभागों की कमान सौंपी गई है। प्रशासनिक गलियारों में इसे एक बड़े और निर्णायक कदम के रूप में देखा जा रहा है।

इन जिलों को मिले नए जिलाधिकारी

शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, कई महत्वपूर्ण जिलों की कमान अब नए हाथों में होगी। उन्नाव के डीएम गौरांग राठी को अब झांसी का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, इंद्रजीत सिंह को सुल्तानपुर, कुमार हर्ष को बुलंदशहर और अन्नपूर्णा गर्ग को श्रावस्ती का डीएम बनाया गया है। शामली के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान को अब सहारनपुर की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि आलोक यादव शामली के नए डीएम होंगे।

लखीमपुर और आगरा के प्रशासनिक मुखिया बदले

इस फेरबदल में लखीमपुर खीरी और आगरा जैसे बड़े जिलों में भी नए चेहरों की तैनाती हुई है। अंजनी कुमार सिंह को लखीमपुर खीरी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि मनीष बंसल आगरा के नए डीएम होंगे। आगरा के निवर्तमान जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बांगरी को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। औरैया के डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी अब मैनपुरी के जिलाधिकारी होंगे, और उनकी जगह बृजेश कुमार औरैया की कमान संभालेंगे।

विद्युत और परिवहन विभाग में भी फेरबदल

प्रशासनिक पदों के साथ-साथ ऊर्जा और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी बदलाव हुए हैं। नितीश कुमार को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) का प्रबंध निदेशक (MD) बनाया गया है। आशुतोष निरंजन को नया परिवहन आयुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि निवर्तमान परिवहन आयुक्त किंजल सिंह अब सचिव माध्यमिक शिक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगी। लखीमपुर की डीएम रहीं दुर्गा शक्ति नागपाल को प्रोन्नत करते हुए देवीपाटन मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है।

विकास प्राधिकरण और सीडीओ स्तर पर बदलाव

जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) और विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्षों के स्तर पर भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। हिमांशु गौतम को झांसी विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और मुकेश चंद्र को हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, कई संयुक्त मजिस्ट्रेटों को विभिन्न जिलों में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनाती दी गई है, जिनमें श्रुति शर्मा (हापुड़), गामिनी सिंगला (बदायूं) और सुनील कुमार धनवंता (बहराइच) शामिल हैं।

Check Also

UP Board Result 2026: खत्म होने वाला है 55 लाख छात्रों का इंतजार, जानें कब और कैसे देख पाएंगे 10वीं-12वीं के नतीजे

लखनऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों के लिए …