
– मनमाने तरीके से बिना सूचना के ड्यूटी के कई दिन से थे नदारद
– चार सदस्यीय कमेटी का गठन, जांच के बाद सख्त कार्रवाई
लखनऊ। बिना किसी सूचना के सरकारी अस्पतालों व सीएचसी से गायब रहने वाले 20 कर्मचारी समेत दो डॉक्टरों को भारी पड़ गया। बता दें कि मनमाना रवैया अपनाने पर इन सभी कर्मचारियों व डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रवैया अख्तियार किया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन सभी लोगों को नोटिस जारी किया है। राजाजीपुरम के रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल से दो डॉक्टर, एक एलटी कई दिन से बिना सूचना ड्यूटी से गायब हैं, ऐसा ही हाल काकोरी सीएचसी का भी है जहां एक स्टाफ नर्स भी कई महीने से बिना सूचना के ड्यूटी से नदारद है। ऐसे ही कुछ अन्य कर्मचारी भी हैं, जो शहर के दूसरे सरकारी अस्पताल में तैनात तो हैं लेकिन मनमाने तरीके से ड्यूटी से नदारद हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन सभी कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है। गायब कर्मचारियों को सभी सबूत समेत प्रस्तुत होना होगा।
कमेटी का हुआ गठन-
इस प्रकरण की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से चार सदस्यीय कमेटी गठित हुई है। इसमें सीडीओ, एसीएमओ (आरसीएच), ट्रेजरी अफसर समेत चार लोग शामिल हैं। कमेटी के सामने न पेश होने वाले या नदारद होने या कोई पुख्ता सबूत न होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि सभी को नोटिस भेजा जा चुका है।
voice of india