नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में पिछले दिनों हुए मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। औद्योगिक क्षेत्रों में तोड़फोड़, आगजनी और पुलिस पर पथराव करने वाली भीड़ का हिस्सा रहे दो शातिर आरोपियों को नोएडा पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी कथित तौर पर ‘विगुल मजदूर दस्ता’ से जुड़े हैं और हिंसा को भड़काने में इनकी अहम भूमिका सामने आई है।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से ट्रैक हुए आरोपी, दिल्ली और लखनऊ से है कनेक्शन
थाना फेस-2 पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से हिमांशु ठाकुर और सत्यम वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में पता चला है कि हिमांशु ठाकुर मूल रूप से उत्तराखंड के उधम सिंह नगर का रहने वाला है और वर्तमान में दिल्ली में ठिकाना बनाए हुए था। वहीं, दूसरा आरोपी सत्यम वर्मा उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का निवासी है। ये दोनों ही आरोपी घटना के दिन से ही पुलिस की रडार पर थे।
मास्टरमाइंड आदित्य आनंद के संपर्क में था हिमांशु, रची गई थी बड़ी साजिश
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी हिमांशु ठाकुर हिंसक प्रदर्शन के दिन नोएडा में ही मौजूद था और वह इस पूरे बवाल के कथित मास्टरमाइंड आदित्य आनंद के सीधे संपर्क में था। पुलिस का मानना है कि मजदूरों की आड़ में इस हिंसा को एक सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया था, ताकि शहर की कानून व्यवस्था को बिगाड़ा जा सके।
भारी पुलिस बल तैनात, शहर में शांति बहाली की कोशिश
नोएडा के सेक्टरों में हुई इस हिंसा में न केवल सरकारी और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया, बल्कि कई वाहनों को आग के हवाले भी कर दिया गया था। पुलिस के साथ हुई तीखी झड़प के बाद प्रशासन ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। पूरे शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस, और भी होंगी गिरफ्तारियां
नोएडा पुलिस के मुताबिक, ‘विगुल मजदूर दस्ता’ के अन्य सदस्यों और हिंसा में शामिल साजिशकर्ताओं की तलाश तेज कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस उन लोगों की पहचान कर रही है जिन्होंने भीड़ को उकसाने और पेट्रोल बम या अन्य घातक हथियारों का इंतजाम करने में मदद की थी। पुलिस ने साफ कर दिया है कि किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।
voice of india
