
वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की हाई-प्रोफाइल स्नातक एमएलसी सीट पर सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। मतगणना के अंतिम दौर में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार केदार सिंह पर निर्णायक बढ़त बना ली है। 9वें चक्र की मतगणना समाप्त होने तक सपा प्रत्याशी 50,462 मत हासिल कर भाजपा उम्मीदवार (31,189 मत) से 16,261 वोटों के भारी अंतर से आगे निकल चुके हैं। हालांकि, कुल पड़े 1,18,000 मतों के आधार पर जीत के लिए अनिवार्य 59,001 वोटों का जादुई आंकड़ा प्रथम वरीयता में न छू पाने के कारण अब फैसला दूसरी वरीयता के मतों के आधार पर तय किया जा रहा है। सियासी जानकारों की मानें तो आशुतोष सिन्हा की ऐतिहासिक जीत अब महज औपचारिकता भर रह गई है।
अखिलेश यादव ने संभाला मोर्चा, एक्स पर दागे ताबड़तोड़ हमले
इस प्रतिष्ठापूर्ण सीट पर परिणाम को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बेहद आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर करीब एक दर्जन पोस्ट कर भाजपा, यूपी सरकार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वाराणसी में भाजपा की हार ‘नेशनल न्यूज’ न बन जाए, इसलिए मतगणना की रफ्तार को धीमा करने और परिणाम को प्रभावित करने के षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। भाजपा की मांग पर कराई जा रही री-काउंटिंग पर तंज कसते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि यह प्रक्रिया दरअसल ‘भाजपा राज का काउंटडाउन’ साबित होगी।
कार्यकर्ताओं को अलर्ट रहने का निर्देश: ‘प्रमाणपत्र लेकर ही उठें’
मतगणना केंद्र पर रातभर डटे कार्यकर्ताओं की तस्वीरें साझा करते हुए अखिलेश यादव ने सड़क पर लिखी चेतावनी का हवाला देते हुए लिखा—’याद रखें, नजर हटी, दुर्घटना घटी।’ उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी साथी पूरी मुस्तैदी से डटे रहें और जीत का आधिकारिक प्रमाणपत्र लेकर ही बाहर निकलें। साथ ही उन्होंने बनारस के स्थानीय कार्यकर्ताओं से पहरा दे रहे साथियों के लिए भोजन, पानी, छतरी और तौलिये का प्रबंध करने का आह्वान किया और लिखा कि ‘हौसलों के गीत गाकर जागते रहें, सवेरा अपना होगा।’
पुनर्मतगणना में भी सपा को फायदा, भाजपा को लगा झटका
मतगणना के दौरान सियासी ड्रामा उस वक्त और बढ़ गया जब भाजपा के एतराज के बाद रात नौ बजे पांचवें चक्र के मतों की दोबारा गिनती कराई गई। हालांकि री-काउंटिंग में भाजपा की उम्मीदों को झटका लगा और सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के खाते में 3 अतिरिक्त वोट और जुड़ गए। अब मतगणना का केवल अंतिम राउंड शेष है, जिसके बाद आधिकारिक रूप से अंतिम परिणाम का ऐलान कर दिया जाएगा।
मतगणना केंद्र पर सपा दिग्गजों का डेरा, वीडियो कॉल से मॉनिटरिंग
परिणाम को लेकर सपा किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। मतगणना स्थल पर पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, छोटेलाल खरवार के साथ-साथ विधायक तूफानी सरोज, जाहिद बेग और भदोही के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ खुद मौजूद हैं। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। इधर, सपा मुखिया अखिलेश यादव लखनऊ से लगातार वीडियो कॉल के माध्यम से मतगणना स्थल पर मौजूद पार्टी नेताओं से सीधे संपर्क में हैं और हर राउंड के आंकड़ों की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।
voice of india