Thursday , 18 June 2026

आजमगढ़ दीवानी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी: ईमेल मिलते ही पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, कोर्ट परिसर खाली कराकर घंटों चला सर्च ऑपरेशन

041e2c0708baf2bf7460c9e61671f5c0

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सोमवार को दीवानी न्यायालय (कचहरी) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जैसे ही धमकी भरे ईमेल की सूचना प्रशासन को मिली, आनन-फानन में पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने एहतियात बरतते हुए कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया और चप्पे-चप्पे पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

ईमेल से मिली धमकी, मचा अफरा-तफरी का माहौल

जानकारी के मुताबिक, सोमवार की सुबह कचहरी की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना देरी किए न्यायालय के भीतर मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और दूर-दराज से आए फरियादियों को सुरक्षित बाहर निकाला। अचानक कोर्ट खाली कराए जाने से परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

BDDS और डॉग स्क्वायड ने खंगाला कोना-कोना

धमकी की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने कचहरी के सभी प्रवेश और निकास द्वारों को सील कर दिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया। विशेषज्ञों की टीम ने कोर्ट रूम, वकीलों के चैंबर, पार्किंग स्थल और झाड़ियों सहित एक-एक कोने की गहनता से जांच की। हालांकि, घंटों चले इस ऑपरेशन के बाद अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर अभी भी पुलिस फोर्स तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

धमकी देने वाले की तलाश में जुटी साइबर सेल

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह ईमेल कहां से और किसने भेजा है। साइबर सेल की टीम धमकी भरे ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रैक करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि यह किसी की शरारत हो सकती है या किसी गहरी साजिश का हिस्सा, इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा। फिलहाल न्यायालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर आने-जाने वाले व्यक्ति की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है।

Check Also

‘अगला नंबर यूपी का है…’ ओम प्रकाश राजभर का सबसे बड़ा दावा, बोले- गृहमंत्री अमित शाह को सौंप दी गई है चिट्ठी, सपा में होगी ऐतिहासिक टूट!

लखनऊ।  महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल की सियासी उठापटक के बीच अब उत्तर प्रदेश की राजनीति …