Sunday , 16 August 2026

बेटी के प्रेम विवाह से खफा हिस्ट्रीशीटर ने ली सफाईकर्मी की जान, सीतापुर में वारदात के बाद हड़कंप

सीतापुर। जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह की पुरानी रंजिश को लेकर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ढोलई कला और बेलामऊ गांव के बीच घात लगाए बैठे बेखौफ बदमाशों ने बाइक सवार एक सफाईकर्मी की गोली मारकर सरेराह हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और सनसनी फैल गई।

बाइक से घर लौट रहे थे विजय विक्रम, रास्ते में बदमाशों ने बोला धावा

बेलामऊ खुर्द निवासी विजय विक्रम (55 वर्ष), जो कि पेशे से ग्राम फत्तेपुर मातिनपुर में सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे, मंगलवार को अपनी बाइक से घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह ढोलई कला और बेलामऊ गांव के बीच पहुंचे, तभी पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। इससे पहले कि विजय विक्रम कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से विजय विक्रम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

6 महीने पहले बेटी के भागकर शादी करने का लिया इंतकाम

स्थानीय लोगों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, हत्या के पीछे करीब 6 महीने पुराना प्रेम विवाह का मामला सामने आ रहा है। मृतक विजय विक्रम के बेटे अंग्रेज ने गांव के ही बदलू (55 वर्ष) की बेटी को भगाकर शादी कर ली थी। इसी बात को लेकर बदलू रंजिश रख रहा था। मंगलवार को बदलू ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस खूनी वारदात को अंजाम दे डाला। बताया जा रहा है कि आरोपी बदलू इमलिया सुल्तानपुर थाने का दुस्साहसी हिस्ट्रीशीटर है।

भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे एसपी, फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

सरेराह हुई इस सनसनीखेज हत्या की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार और क्षेत्राधिकारी महोली नागेंद्र चौबे भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन कर छापेमारी शुरू कर दी है।

Check Also

उदयपुर में रूह कंपा देने वाली वारदात: घर के संदूक में प्लास्टिक में लिपटे मिले लापता बुजुर्ग दंपति के शव, इलाके में सनसनी

उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आदिवासी …