Tuesday , 27 October 2026

इटावा में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात: प्रेम प्रसंग में बाधक बने पिता को नाबालिग बेटी ने प्रेमी संग मिलकर उतारा मौत के घाट, चाय में दी नींद की गोली फिर सिलबट्टे से कुचला सिर

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित कांशीराम कॉलोनी में 55 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड श्याम सुंदर की हुई नृशंस हत्या की गुत्थी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पिता की हत्या किसी गैर ने नहीं, बल्कि उनकी अपनी ही नाबालिग बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। प्रेम संबंधों में रुकावट बनने और फोन पर बात करने से मना करने पर बेटी ने पहले पिता को चाय में नींद की गोलियां दीं, फिर हाथ-पैर बांधकर सिलबट्टे से चेहरा व सिर कुचलकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद दोनों शव को घर में रखे एक बक्से में बंद कर फरार हो गए थे। पुलिस ने नाबालिग बेटी को अभिरक्षा में लेते हुए उसके बालिग प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

बक्से से मिला था हाथ-पैर बंधा शव, बड़ी बहन के शक पर खुला राज

मामले का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी स्थित एक मकान के अंदर बक्से में सिक्योरिटी गार्ड श्याम सुंदर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। शव के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे हुए थे और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। मृतक की बड़ी बेटी काजल ने पुलिस को दी तहरीर में अपने पिता के साथ रह रही छोटी नाबालिग बहन पर हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच व सर्विलांस टीम को सक्रिय किया।

सर्विलांस से खुला सुराग, प्रेमी के गांव में दबिश देकर दोनों को दबोचा

सर्विलांस और मोबाइल डिटेल की पड़ताल के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि मृतक की नाबालिग बेटी लगातार बकेवर थाना क्षेत्र के अहेरीपुर निवासी अभिलाष नामक युवक से बातचीत करती थी। घटना के बाद से ही दोनों के मोबाइल बंद आ रहे थे। पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए प्रेमी अभिलाष के पैतृक गांव अहेरीपुर में घेराबंदी कर छापा मारा। वहां से पुलिस ने सुरक्षाकर्मी की नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी अभिलाष को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना सिलबट्टा, धारदार चाकू और वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

चाय में मिलाई नींद की गोलियां, गला काटने में नाकाम रहे तो सिलबट्टे से कुचल डाला

पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की जो खौफनाक साजिश बताई, उससे पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए। नाबालिग ने बताया कि वह अभिलाष से प्यार करती थी और उसी के साथ जीवन बिताना चाहती थी। जब पिता श्याम सुंदर को इस प्रेम प्रसंग की भनक लगी, तो उन्होंने कड़ा विरोध किया और बेटी के साथ मारपीट करते हुए बातचीत पर पाबंदी लगा दी। इसी बात से आक्रोशित होकर बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

योजना के तहत 21 अक्टूबर को बेटी ने पिता के लिए बनाई गई चाय में नींद की गोलियां मिला दीं। दवा के असर से जब श्याम सुंदर गहरी नींद में सो गए, तब उसने प्रेमी अभिलाष को घर के भीतर बुला लिया। दोनों ने मिलकर पहले सो रहे पिता के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद चाकू से उनका गला रेतने की कोशिश की, लेकिन जब वे इसमें सफल नहीं हुए, तो घर में रखे भारी सिलबट्टे से पिता के चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत की नींद सुला दिया। वारदात के बाद शव को कंबल में लपेटकर बड़े बक्से में बंद कर दिया और मकान के बाहर ताला जड़कर दोनों मौके से भाग निकले।

प्रेमी पहुंचा सलाखों के पीछे, नाबालिग बेटी को भेजा गया बाल सुधार गृह

एसएसपी ने बताया कि पकड़ी गई मृतक की बेटी अभी नाबालिग है, जबकि उसका प्रेमी अभिलाष पूरी तरह बालिग है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी प्रेमी अभिलाष को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, वहीं हत्या में शामिल नाबालिग बेटी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह (रिमांड होम) भेज दिया गया है।

 

Check Also

कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड : मॉडल श्रद्धा दुबे पर कसा शिकंजा, वायरल ऑडियो-वीडियो फोरेंसिक जांच के लिए भेजे; जेल में मिलने पहुंचे चचेरे भाई को लौटाया

लखनऊ। राजधानी के बहुचर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे के खिलाफ …