Wednesday , 9 September 2026

मॉडल टाउन में ‘रेकी गैंग’ की दस्तक : वीडियो कॉल पर दिखाए घर; दो संदिग्ध कैमरे में कैद

2a44981e5492091592d713a4c7e4b82f

बरेली  । शहर की पॉश मानी जाने वाली मॉडल टाउन कॉलोनी में रविवार तड़के संदिग्ध गतिविधियों से हड़कम्प मच गया। सुबह करीब 4:40 बजे दो अज्ञात युवक कैप लगाए गलियों में घूमते दिखे। आरोप है कि दोनों मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग करने के साथ-साथ वीडियो कॉल पर अपने साथियों को इलाके की लाइव स्थिति दिखा रहे थे। मामले की शिकायत मंगलवार को एसएसपी कार्यालय में की गई है।

कॉलोनीवासियों के अनुसार दोनों युवक बार-बार गलियों के चक्कर लगा रहे थे। कभी घरों के बाहर रुकते, तो कभी कैमरे से पीठ कर मोबाइल चलाते नजर आए। एक मकान के बाहर संदिग्ध ढंग से रुकने के दौरान सामने वाले घर की लाइट जलते ही दोनों वापस मुड़ गए और दूसरी गली की ओर बढ़े। वहां भी घुसपैठ का प्रयास किया, लेकिन लोगों के जागने और आवाज लगाने पर अजीब आवाजें निकालते हुए भाग निकले।

सीसीटीवी फुटेज में दोनों करीब 20 मिनट तक इलाके में घूमते, वीडियो बनाते और फोन पर बात करते दिखाई दिए। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है और लोग रात में पहरा दे रहे हैं। जनसेवा ई-रिक्शा ऑटो चालक एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष मनजीत सिंह बिट्टू ने एसएसपी को प्रार्थना-पत्र देकर सीसीटीवी के आधार पर पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं। गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह की सियासत में एंट्री! बुलंदशहर से दिया बड़ा बयान, बताया कब लड़ेंगी चुनाव

कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के परिवार से अब एक और सियासी चेहरा …