
लखनऊ। केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र और संभावित परिसीमन विधेयक को लेकर देश की सियासत गरमा गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने परिसीमन के मुद्दे पर अपनी पार्टी का रुख पूरी तरह साफ कर दिया है। सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। अपने इस बयान के जरिए उन्होंने उन राजनीतिक अटकलों और खबरों का भी लगभग खंडन कर दिया है, जिनमें यह दावा किया जा रहा था कि संसद में परिसीमन विधेयक पेश होने के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही से गैरहाजिर रह सकते हैं। अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में दो टूक शब्दों में लिखा कि ‘परिसीमन’ भारतीय जनता पार्टी की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा।
37 सांसदों की मौजूदगी और बहुमत के गणित पर चर्चा गौरतलब है कि वर्तमान लोकसभा में समाजवादी पार्टी के पास 37 सांसदों की बड़ी ताकत है। सियासी गलियारों में ऐसी चर्चाएं चल रही थीं कि यदि केंद्र सरकार सदन के पटल पर परिसीमन बिल लेकर आती है, तो मतदान के समय सपा के सांसद सदन से अनुपस्थित रह सकते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना था कि सपा की संभावित गैरहाजिरी की स्थिति में केंद्र सरकार के लिए विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी 360 मतों का आंकड़ा अपने आप नीचे आ सकता है, जिससे लोकसभा में इस बिल के पास होने की राह आसान हो जाती। हालांकि, सपा प्रमुख के ताजा बयान ने इन सभी अटकलों पर विराम लगाने का काम किया है।
30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक दूसरी ओर, केंद्र सरकार ने जरूरी विधायी और सरकारी कामकाज को पूरा करने के लिए संसद के दोनों सदनों का विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए इस कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से यह अनुरोध किया है कि आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा की बैठक सोमवार, 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा की बैठक बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को फिर से बुलाई जाए। केंद्रीय मंत्री के अनुसार, विधायी कामकाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दोनों ही सदनों की यह विशेष बैठक 3 दिसंबर 2026 को समाप्त होने की संभावना है।
voice of india