
नई दिल्ली, ब्यूरो। देश के विभिन्न हिस्सों में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे यह इस सीजन का अब तक का सबसे ठंडा दिन बन गया है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। दूसरी ओर, राजस्थान के कई जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि कश्मीर घाटी के कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे चला गया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में घने कोहरे और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का अनुमान जताया है।
दिल्ली में टूटा इस सीजन की ठंड का रिकॉर्ड
दिल्ली में गुरुवार को सर्दी ने इस मौसम के पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। राजधानी के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम यानी 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 0.5 डिग्री ज्यादा होने के बावजूद इस सीजन का अब तक का सबसे निचला स्तर है। इससे पहले 24 नवंबर को भी अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर दर्ज किया गया था।
राजस्थान के शेखावाटी समेत कई संभागों में शीतलहर की चेतावनी
मरुधरा राजस्थान में भी ठिठुरन तेजी से बढ़ने लगी है। शेखावाटी सहित प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। जयपुर मौसम केंद्र ने 27 से 30 नवंबर के बीच शेखावाटी क्षेत्र, अजमेर संभाग और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है। इस अवधि के दौरान शेखावाटी में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अजमेर और कोटा संभाग में पारा 8 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के अधिकांश भागों में अगले 10 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में किसी बड़े उलटफेर की संभावना नहीं है।
कश्मीर घाटी में जमाव बिंदु से नीचे पारा, श्रीनगर में सबसे ठंडी रात
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और सर्द हवाओं के चलते कश्मीर घाटी में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। श्रीनगर में गुरुवार को इस सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया। लगातार दूसरी रात श्रीनगर का तापमान इसी स्तर पर बना रहा। पूरी घाटी में पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया, हालांकि पिछली रात की तुलना में यहां मामूली सुधार देखा गया है। इसके अलावा काजीगुंड में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री और उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि गुलमर्ग में पारा 1 डिग्री सेल्सियस रहा।
दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
एक तरफ उत्तर भारत ठंड से ठिठुर रहा है, तो दूसरी तरफ मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 और 28 नवंबर को केरल और लक्षद्वीप के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा 27 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं। वहीं, 27 नवंबर को तटीय कर्नाटक में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।
अंडमान-निकोबार में 2 दिसंबर तक खराब रहेगा मौसम
पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 27 और 28 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने 30 नवंबर और 1 दिसंबर को द्वीप समूह के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अलर्ट भी जारी किया है।
यूपी, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में घने कोहरे को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। 27 नवंबर को असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। वहीं, 27 और 28 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब के साथ-साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश में 27 से 30 नवंबर तक कुछ क्षेत्रों में कोहरे का असर रहेगा, जबकि 27 नवंबर को ओडिशा के लिए भी कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
voice of india