Friday , 27 November 2026

यूपी चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन में दरार! अखिलेश ने 5 सीटों पर उतारे प्रत्याशी, सहारनपुर की 2 सीटों से भड़के इमरान मसूद; बोले- ‘प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देंगे जवाब’

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच अभी सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय भी नहीं हो पाया था कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 5 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर सियासी पारा हाई कर दिया है। सपा की इस पहली सूची में सहारनपुर जिले की दो प्रमुख सीटें—बेहट और सहारनपुर विधानसभा भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, अपने गढ़ में सपा द्वारा एकतरफा उम्मीदवार उतारे जाने के बाद यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर लोकसभा सीट से सांसद इमरान मसूद बेहद नाराज हो गए हैं। उन्होंने सपा के इस कदम को गठबंधन धर्म के खिलाफ बताते हुए कहा कि इस पूरे मामले पर कांग्रेस आलाकमान से बातचीत चल रही है और सहारनपुर की पांचों विधानसभा सीटों पर किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। इमरान मसूद बेहट और सहारनपुर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी उतारने पर अड़े हुए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव के ’26 सीटों’ वाले सोशल मीडिया पोस्ट पर भी कड़ी आपत्ति जताई है। मसूद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वह फिलहाल कांग्रेस आलाकमान के निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर समाजवादी पार्टी को सीधा और सख्त जवाब दिया जाएगा।

सहारनपुर की सीटों पर घमासान, सीट शेयरिंग की राह में रोड़ा

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में सहारनपुर को कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का मजबूत गढ़ माना जाता है और इसी कारण कांग्रेस ने उन्हें सीट बंटवारे की बातचीत वाली समिति में भी अहम जिम्मेदारी सौंपी है। इमरान मसूद शुरुआत से ही सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर देहात विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की ओर से मजबूत दावा पेश कर रहे थे, इसके अलावा उनकी नजर जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बातचीत पूरी होने से पहले ही सपा द्वारा इन दोनों सीटों पर प्रत्याशी उतार देने से दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग की प्रक्रिया में बड़ा पेंच फंस सकता है।

26 सीटों के ऑफर पर भड़के थे मसूद, कहा- ‘भीख नहीं मांग रहे’

गठबंधन में तनाव की यह चिंगारी उस वक्त भड़की जब 403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस की 181 सीटों की मांग के मुकाबले समाजवादी पार्टी ने महज 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा। सपा के इस प्रस्ताव पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने कहा था कि कांग्रेस किसी के सामने ‘भीख’ नहीं मांग रही है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि किसी भी गठबंधन के भीतर फैसले एकतरफा दबाव के बजाय आपसी सहमति और सम्मानजनक सहयोग से लिए जाते हैं।

सपा की पहली लिस्ट में इन 5 चेहरों पर दांव

समाजवादी पार्टी ने अपने पत्ते खोलते हुए जिन पांच विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं, उनमें सहारनपुर की बेहट सीट से उमर अली खान और सहारनपुर विधानसभा सीट से आशु मलिक को मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा शामली की कैराना विधानसभा सीट से नाहिद हसन, अमरोहा विधानसभा क्षेत्र से महबूब अली और बुंदेलखंड की ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति लोधी को टिकट दिया गया है।

‘जीती हुई सीटों का ही सम्मान होता है’: अखिलेश यादव

पांच सीटों पर उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा करने से ठीक पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक लंबा संदेश जारी कर गठबंधन को लेकर अपना रुख साफ किया। उन्होंने लिखा कि दोनों धर्मनिरपेक्ष दलों के पास एक साथ आकर सांप्रदायिक भाजपा और उसके संकीर्ण सोच वाले सहयोगियों को हमेशा के लिए सत्ता से बाहर करने और देश को गलत हाथों में जाने से बचाने का यह ऐतिहासिक अवसर है। अखिलेश ने प्रस्ताव दिया कि जनता की उम्मीदों और जमीनी हकीकत को ध्यान में रखकर गंभीरता से मंथन होना चाहिए ताकि गठबंधन अधिक से अधिक सीटें जीत सके। उन्होंने आगे कहा कि गठबंधन जितनी भी सीटों पर चुनाव लड़े, उसमें जीतने वाली सीटों की संख्या हारने वाली सीटों से ज्यादा होनी चाहिए, क्योंकि अंततः जीत ही सीट बंटवारे के समझौते को सम्मानजनक बनाती है और सियासत में जीती हुई सीटों का ही सम्मान होता है।

 

Check Also

Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- यह भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा; सदन से गैरहाजिर रहने की अटकलों पर लगाया विराम

लखनऊ। केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र और संभावित परिसीमन विधेयक को …