Monday , 23 November 2026

Bihar News: नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी के पोस्टर फाड़ने के मामले में बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार; 100 से अधिक अज्ञात पर केस दर्ज

हाजीपुर/पटना: बिहार के वैशाली जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे और नवनिर्मित ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन के बाद सियासी और प्रशासनिक सरगर्मी तेज हो गई है। सेतु के लोकार्पण के लिए लगाए गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर व बैनर कथित तौर पर फाड़े जाने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राघोपुर प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की लिखित शिकायत के आधार पर रुस्तमपुर पुलिस थाने में 11 नामजद आरोपियों और 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर बने ‘नीतीश सेतु’ का भव्य उद्घाटन किया था। प्रधानमंत्री के इस दौरे से पहले सेतु के दोनों किनारों पर पीएम मोदी की तस्वीरों वाले पोस्टर और बैनर लगाए गए थे। लेकिन कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा, जिसमें स्थानीय लोगों का एक समूह—जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के झंडे लिए कुछ बच्चे और युवा भी शामिल थे—कथित तौर पर पीएम मोदी की तस्वीरों वाले पोस्टर और बैनर फाड़ते हुए दिखाई दिए।

बीडीओ की शिकायत पर एफआईआर, चार आरोपी सलाखों के पीछे

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। हाजीपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) विशाल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार शाम राघोपुर बीडीओ द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद रुस्तमपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसडीओ ने आगे स्पष्ट किया कि पुलिस इस घटना में शामिल शेष आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए वायरल वीडियो फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है।

लोकार्पण के तुरंत बाद आरजेडी के झंडे लेकर सेतु पर पहुंचे थे युवा

बता दें कि बीते शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से नीतीश सेतु का लोकार्पण किया था। मुख्य कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद दर्जनों की संख्या में युवा और बच्चे हाथों में आरजेडी का झंडा लेकर सेतु पर पहुंच गए और वहां लालू प्रसाद यादव तथा तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। इसी बीच कुछ युवकों ने सेतु पर लगाए गए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़ने शुरू कर दिए, वहीं कुछ बच्चों द्वारा अपशब्दों का प्रयोग किए जाने की बात भी सामने आई है। मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गया।

वायरल वीडियो पर ‘रंगदारी’ के गाने लगाकर बनाई जा रही रील्स

इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद अब कुछ युवक इस पर ‘रंगदारी’ वाले गाने लगाकर रील्स बना रहे हैं, जिससे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। रुस्तमपुर थानाध्यक्ष ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि प्रसारित हो रहे वीडियो के आधार पर एक-एक आरोपी की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पोस्टर फाड़ने की घटना में शामिल किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।

कड़ी सुरक्षा और पुलिस की मौजूदगी पर उठने लगे गंभीर सवाल

दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर सभा स्थल से लेकर नीतीश सेतु तक जाने वाले पूरे मार्ग पर सैकड़ों पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के तुरंत बाद असामाजिक तत्वों ने सेतु पर पहुंचकर बवाल काटा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़े जा रहे थे, तब पुलिसकर्मी मौके पर ही मौजूद थे और वायरल वीडियो में भी पुलिसकर्मी साफ दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर ड्यूटी पर तैनात लापरवाह पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, पुलिस वीडियो फुटेज के जरिए अन्य आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई है।

Check Also

CM Yogi Emotional Letter: सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखी ‘मां के नाम पाती’, संन्यास के बाद पहली बार घर की दहलीज पर भिक्षा मांगने का सुनाया भावुक किस्सा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के महत्व, उनकी ममता और मातृशक्ति …