Monday , 23 November 2026

अमेरिका संग जंग के बीच ईरान ने दिखाया अपनी अंडरग्राउंड ‘मिसाइल सिटी’ का ट्रेलर: एक साथ दो मिसाइलें दागने वाले घातक लॉन्चर से दुनिया में मचा हड़कंप

तेहरान। अमेरिका के साथ जारी भीषण सैन्य तनाव और जंग के बीच ईरान ने पूरी दुनिया को अपनी सामरिक और सैन्य ताकत का बड़ा ट्रेलर दिखाया है। ईरानी सेना इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने युद्ध के हालातों के बीच न केवल अपनी बेहद गोपनीय भूमिगत ‘मिसाइल सिटी’ का वीडियो जारी किया है, बल्कि एक ऐसे अत्याधुनिक हथियार की झलक भी दिखाई है, जो एक ही समय में दो मिसाइलों को एक साथ दागने में सक्षम है। इस घातक ‘ड्यूल मिसाइल लॉन्चर’ के सामने आते ही वैश्विक रक्षा गलियारों में हड़कंप मच गया है। आईआरजीसी के कमांडर-इन-चीफ मेजर जनरल अहमद वाहिदी ने सोशल मीडिया पर इस अंडरग्राउंड मिसाइल ठिकाने का वीडियो साझा करते हुए अमेरिका को सीधी चेतावनी दी है कि यह तो महज शुरुआत है।

सैकड़ों मिसाइलों के जखीरे और ड्यूल लॉन्चर ने डिफेंस एक्सपर्ट्स को चौंकाया ईरानी कमांडर द्वारा जारी किए गए इस वीडियो में जमीन के नीचे बनी विशाल सुरंगों के भीतर सैकड़ों मिसाइलों का विशाल जखीरा नजर आ रहा है, जिसने दुनिया भर के रक्षा विशेषज्ञों को हैरान कर दिया है। इस जखीरे के बीच जिस हथियार ने डिफेंस एक्सपर्ट्स का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है, वह ईरान का नया ड्यूल मिसाइल लॉन्चर है। रक्षा जानकारों के मुताबिक, यह विशेष लॉन्चर एक ही समय में तरल ईंधन (लिक्विड-फ्यूल) से चलने वाली दो भारी मिसाइलों को लोड करने और उन्हें एक साथ दुश्मन के ठिकानों पर फायर करने की अचूक क्षमता रखता है। ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, आईआरजीसी के कमांडर-इन-चीफ अहमद वाहिदी का किसी भूमिगत मिसाइल बेस का यह पहला आधिकारिक दौरा था। इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर माजिद मौसवी भी मौजूद रहे।

देखें VIDEO

https://x.com/IrnaEnglish/status/2124114846799065228?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E2124114846799065228%7Ctwgr%5Ee5478459b61f7b136cb41f8fd9db43e0360eb6b2%7Ctwcon%5Es1_&ref_url=https%3A%2F%2Fwww.zeenews.com%2Fworld%2Farticle-iran-dual-missile-launcher-in-underground-missile-city-amid-war-against-america-3420567

कमांडर वाहिदी की अमेरिका को दो टूक- दुश्मन सुन ले, यह तो बस शुरुआत है अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी का जायजा लेने के बाद मेजर जनरल अहमद वाहिदी ने अमेरिका को बेहद सख्त और स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि दुश्मन यह अच्छी तरह सुन ले कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। उनके साथ मौजूद आईआरजीसी एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर माजिद मौसवी ने भी अमेरिका को आगाह करते हुए कहा कि ईरानी वायु और अंतरिक्ष बल किसी भी मिशन को अंजाम देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मौसवी ने हुंकार भरते हुए कहा कि कमांडर-इन-चीफ का आदेश मिलते ही सशस्त्र बलों के जवान दुश्मन पर टूट पड़ेंगे और ईरान दुनिया के किसी भी कोने में सटीक वार करने की पूरी ताकत रखता है।

फारस की खाड़ी में अमेरिकी F-16 फाइटर जेट मार गिराने का भी किया था दावा गौरतलब है कि इस वीडियो से ठीक पहले ईरान ने फारस की खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका के अत्याधुनिक F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने का बड़ा दावा किया था। ईरानी सेना ने इस कथित कार्रवाई का एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें दावा किया गया कि ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम ने अमेरिकी फाइटर जेट को सफलतापूर्वक निशाना बनाया है। जारी किए गए फुटेज में एक इंटरसेप्टर मिसाइल को बेहद तेज रफ्तार से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए देखा जा सकता है, जिसके कुछ ही सेकंड बाद विमान के बेहद करीब एक जोरदार धमाका होता दिखाई देता है।

 

Check Also

यूपी में भाजपा ने दी संगठन को नई धार: अनुसूचित जाति मोर्चा के 6 जिलाध्यक्षों की लिस्ट जारी, मेरठ से लेकर वाराणसी तक नए चेहरों को मिली कमान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अपने संगठनात्मक ढांचे को जमीनी और बूथ स्तर तक और अधिक …