
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बैठकों का दौर शुरू होने जा रहा है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, दोनों दलों के बीच यह महत्वपूर्ण बैठक सोमवार से शुरू होकर तीन दिनों तक चलेगी, जिसमें दोनों पार्टियां अपने-अपने दावे और समीकरण पेश करेंगी।
प्रमोद तिवारी के आवास पर जुटेंगे दिग्गज, तीन दिन चलेगी चर्चा जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर होने वाली यह बैठक कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर आयोजित की जाएगी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि तीन दिवसीय इस बैठक के पहले दिन दोनों दल केवल अपनी-अपनी सीटों के दावे सामने रखेंगे। सूत्रों का कहना है कि इस पूरी कवायद में सीटों के बंटवारे का सबसे प्रमुख आधार ‘विनेबिलिटी’ (जीत की संभावना) रहने वाला है।
रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में सपा ने बनाई विशेष कमेटी सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर अंतिम निर्णय लेने के लिए समाजवादी पार्टी ने सांसद रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस कमेटी में आलोक रंजन, धर्मेंद्र यादव और राजीव को सदस्य बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, चुनावी आंकड़ों और जमीनी समीकरणों का सटीक आकलन करने के लिए इस कमेटी में दो डेटा एक्सपर्ट्स को भी शामिल किया गया है।
सीटों की संख्या से ज्यादा ‘जिताऊ चेहरे’ पर रहेगा फोकस सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उम्मीदवारों का चयन केवल विनेबिलिटी के आधार पर किया जाएगा। बैठक में सीटों की संख्या से अधिक इस बात पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा कि किस विधानसभा क्षेत्र में किस दल का उम्मीदवार अधिक मजबूत है और पार्टी को जीत दिलाने की क्षमता रखता है। इससे पहले सपा नेता आजम खान भी बयान दे चुके हैं कि कांग्रेस की ओर से अधिक सीटों की मांग की जा रही है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा था कि समाजवादी पार्टी नुकसान उठाकर भी कांग्रेस को ज्यादा सीटें दे सकती है। फिलहाल, दोनों ही दल सीट शेयरिंग के मुद्दे पर बेहद सधी हुई प्रतिक्रिया दे रहे हैं और दोनों पक्षों का कहना है कि बंटवारा सम्मानजनक होगा।
अखिलेश यादव बोले- सीटों के बंटवारे का आधार सिर्फ जीत होगी शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान जब अखिलेश यादव से कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीट शेयरिंग को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है। अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि सीटों के बंटवारे का एकमात्र आधार जीत होगी। हालांकि, उन्होंने किसी तय फॉर्मूले या सीटों की सटीक संख्या का खुलासा करने से इनकार कर दिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अखिलेश यादव का यह बयान दोनों दलों के बीच चल रही वार्ता की दिशा तय करने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है।
voice of india