
नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार (22 नवंबर) को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री पद की कमान संभालने के बाद यह उनका पहला द्विपक्षीय विदेश दौरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा में दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार, हवाई व सड़क कनेक्टिविटी और विकास सहयोग समेत कई रणनीतिक मुद्दों पर अहम सहमति बनने की उम्मीद है। कूटनीतिक गलियारों में इस यात्रा को भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत रिश्तों में एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है। इस उच्चस्तरीय दौरे से दोनों पड़ोसी देशों को अपने व्यापक द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करने और साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का बड़ा अवसर मिलेगा।
राष्ट्रपति मुर्मू और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से करेंगे मुलाकात दिल्ली प्रवास के दौरान नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट करेंगे और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही वह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्पष्ट किया है कि दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच होने वाली प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में विकास सहयोग, जनसंपर्क और ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा दोनों नेता कई संयुक्त परियोजनाओं का लोकार्पण करने के साथ ही नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे और एक संयुक्त विजन दस्तावेज भी जारी हो सकता है।
क्रिकेट और स्टार्टअप से लेकर एआई तक बढ़ेगा सहयोग का दायरा भारत और नेपाल के बीच पिछले सात दशकों से स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, व्यापार और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में गहरा जुड़ाव रहा है। अब दोनों देश इस पारंपरिक साझेदारी को आधुनिक दौर की जरूरतों के मुताबिक विस्तार देने जा रहे हैं। वार्ता के एजेंडे में स्टार्टअप, अत्याधुनिक तकनीक, नवाचार (इनोवेशन) और खेल जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर खास जोर रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक, क्रिकेट अब भारत और नेपाल के युवाओं को जोड़ने वाला एक बेहद मजबूत माध्यम बनकर उभरा है। नेपाल के प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार राजन भट्टराई का मानना है कि भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार और निवेशक है। उनके अनुसार, दोनों देशों के बीच क्रिकेट स्टेडियम निर्माण, जलवायु परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल, नई पेट्रोलियम या गैस पाइपलाइन बिछाने और पुराने अनसुलझे मुद्दों को सुलझाने पर भी सार्थक चर्चा संभव है।
18,600 करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज और हवाई रूट पर नेपाल की नजर इस दौरे में नेपाल की निगाहें भारत से मिलने वाले बड़े आर्थिक और बुनियादी ढांचा सहयोग पर टिकी हैं। ‘इकोनॉमिक टाइम्स’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल भारत से 2 अरब डॉलर यानी करीब 18,600 करोड़ रुपये के वित्तीय पैकेज की अपेक्षा कर रहा है। इस प्रस्तावित पैकेज में बिजली और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए 1 अरब डॉलर की लाइन ऑफ क्रेडिट शामिल हो सकती है। इसके अतिरिक्त, नेपाल सुनौली से पोखरा को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण सिद्धार्थ राजमार्ग के उन्नयन के लिए 500 मिलियन डॉलर और बाढ़ प्रभावित इलाकों के पुनर्निर्माण के लिए इतनी ही राशि का अनुदान चाहता है। वहीं, हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए नेपाल अपने पोखरा और भैरहवा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से विमानों के सुगम संचालन हेतु भारतीय हवाई क्षेत्र (एयर रूट) के इस्तेमाल की अनुमति भी मांग सकता है, जिससे उसके पर्यटन क्षेत्र को नई संजीवनी मिलेगी।
1,269 मेगावाट बिजली निर्यात से मजबूत होगी नेपाल की अर्थव्यवस्था ऊर्जा क्षेत्र भारत और नेपाल की साझेदारी का सबसे मजबूत स्तंभ बनकर उभरा है। नेपाल भारत को बिजली निर्यात बढ़ाकर अपनी अर्थव्यवस्था को गति देने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। भारत ने हाल ही में नेपाल से 615.02 मेगावाट अतिरिक्त बिजली के निर्यात को हरी झंडी दी है, जबकि इससे पहले 654 मेगावाट बिजली निर्यात की अनुमति थी। इस नई मंजूरी के बाद नेपाल की कुल स्वीकृत बिजली निर्यात क्षमता बढ़कर 1,269.02 मेगावाट हो गई है। इस साझेदारी से नेपाल को अपनी विशाल जलविद्युत परियोजनाओं के जरिए राजस्व बढ़ाने और आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने का बड़ा मौका मिलेगा। साथ ही, नेपाल में भारतीय निवेश को आकर्षित करने और दोनों देशों के उद्योगपतियों को मंच देने के लिए ‘नेपाल-भारत बिजनेस फोरम’ का भी आयोजन किया जाएगा, जिसे पीएम बालेन शाह संबोधित कर सकते हैं।
क्यों बदला बालेन शाह का रुख, पहले बनाई थी दूरी सत्ता संभालने के शुरुआती दिनों में बालेन शाह ने अपने कार्यकाल के पहले वर्ष में कोई भी विदेश यात्रा न करने का एलान किया था और भारत के विदेश सचिव से मुलाकात करने से भी इनकार कर दिया था। हालांकि, समय के साथ जमीनी और आर्थिक हकीकतों को देखते हुए दोनों देशों के बीच संवाद का सिलसिला फिर से शुरू हुआ। नेपाल के वरिष्ठ मंत्रियों के भारत दौरों और बाढ़ की आपदा से निपटने में भारत की ओर से दी गई त्वरित मदद ने रिश्तों की बर्फ पिघलाने का काम किया। हाल ही में भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी और बालेन शाह के बीच हुई मुलाकात के बाद संबंधों में आई इसी सकारात्मक नरमी को उनके वर्तमान भारत दौरे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आ रहे हैं पीएम शाह, जानें मिनट-दर-मिनट कार्यक्रम नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को नेपाल एयरलाइंस की विशेष उड़ान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उनके साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यानजनकर (ब्यांजारंकर) और कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी आ रहे हैं। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के मुताबिक, 23 नवंबर को दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की मुख्य वार्ता होगी।
रविवार, 22 नवंबर का कार्यक्रम:
-
दोपहर 3:15 बजे: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का नई दिल्ली आगमन।
-
शाम 6:00 बजे: भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ मुलाकात (रविवार को इसके अलावा कोई अन्य आधिकारिक कार्यक्रम तय नहीं है)।
सोमवार, 23 नवंबर का कार्यक्रम:
-
सुबह 10:00 बजे: राष्ट्रपति भवन प्रांगण में औपचारिक स्वागत समारोह और बैठक। इसके बाद राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
-
सुबह 11:00 बजे के बाद: हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता।
-
दोपहर 12:25 बजे: दोनों देशों के बीच समझौतों का आदान-प्रदान और संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन।
-
दोपहर 3:15 बजे: राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट।
-
शाम 4:50 बजे: नई दिल्ली से काठमांडू (नेपाल) के लिए प्रस्थान।
voice of india