
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शनिवार को अपने अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) मोर्चा के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों और राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्यों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के माध्यम से इन सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों के नामों की घोषणा की है। भाजपा की ओर से जारी इस विस्तृत सूची के अनुसार, संगठन को धार देने के लिए OBC मोर्चा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय मंत्री, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री, सह-कार्यालय मंत्री, मीडिया संयोजक, सोशल मीडिया संयोजक व सह-संयोजक, नीति एवं शोध संयोजक व सह-संयोजक के साथ-साथ राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्यों के महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नियुक्त किए 7 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर OBC मोर्चा की नई टीम में क्षेत्रीय संतुलन साधते हुए कुल सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इस सूची में असम से जोगेन मोहन और ओडिशा से ममता मोहंता को स्थान दिया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश से दो प्रमुख नेताओं संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके अलावा महाराष्ट्र से बबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली से सत प्रकाश राणा और बिहार से डॉ. अर्जुन साहनी को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है।
देखें video
तीन राष्ट्रीय महामंत्री और सात राष्ट्रीय मंत्रियों की घोषणा
संगठन के कामकाज को गति देने के लिए मोर्चे में तीन राष्ट्रीय महामंत्रियों की नियुक्ति की गई है, जिनमें दिल्ली से गजेंद्र यादव, कर्नाटक से प्रमोद मध्वराज और छत्तीसगढ़ से ललित चंद्राकार का नाम शामिल है। वहीं, राष्ट्रीय मंत्री के सात पदों पर गुजरात से दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु से टी. वरथराजन, झारखंड से संजीव कुमार (बबलू भगत) और हरियाणा से सरिता जांगिड़ को जिम्मेदारी दी गई है। इनके साथ ही तेलंगाना से कडगंची रमेश, मध्य प्रदेश से वैभव पंवार और बिहार से भीम कुमार साहू को भी राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है।
कोषाध्यक्ष, मीडिया और सोशल मीडिया टीम में इन चेहरों को मिली जगह
नए संगठनात्मक ढांचे में कोषाध्यक्ष, कार्यालय प्रबंधन, मीडिया और शोध विभाग के लिए भी पदाधिकारियों का ऐलान किया गया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश से राधेश्याम यादव को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि दिल्ली से संजय कुमार गुर्जर को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री और दिल्ली से ही डॉ. अरुण यादव को राष्ट्रीय सह-कार्यालय मंत्री का दायित्व मिला है। प्रचार-प्रसार की कमान सौंपते हुए बिहार से अजय गुप्ता को मीडिया संयोजक, दिल्ली से परीक्षित डागर को सोशल मीडिया संयोजक और मध्य प्रदेश से प्रदीप माहौर सोनी को सोशल मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, दिल्ली से प्रो. पंकज चौधरी को नीति एवं शोध संयोजक बनाया गया है, जबकि ओडिशा से आशुतोष बेहेरा और उत्तर प्रदेश से राहुल यादव को नीति एवं शोध सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
देश भर से 37 नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य
भाजपा की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 37 नेताओं को OBC मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया है। इस सूची में अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह से संजीव रंगैया, आंध्र प्रदेश से श्रीनिवास राव कंटुबुक्ता, बिहार से राजीव रंजन (विशाल यादव), चंडीगढ़ से संजीव वर्मा, छत्तीसगढ़ से खम्हन ताम्रकार, दादर-नगर हवेली और दमन-दीव से विशाल तंडेल, दिल्ली से श्वेता सैनी, गोवा से शशिकांत सावंत, गुजरात से महेंद्रभाई झुंगी, हरियाणा से अवनीत कौर और रामेश्वर प्रजापति, हिमाचल प्रदेश से ओपी चौधरी, जम्मू-कश्मीर से सज्जाद हुसैन कुमार और बोधराज मेहरा तथा झारखंड से देव नारायण प्रजापति को शामिल किया गया है।
यूपी, एमपी, महाराष्ट्र और बंगाल समेत इन राज्यों से भी बने सदस्य
कार्यसमिति सदस्यों की इसी कड़ी में केरल से एवी अरुण प्रकाश, मध्य प्रदेश से सीताराम बाथम और समीक्षा गुप्ता, महाराष्ट्र से राहुल गोविंद केंद्रे, मणिपुर से एल. गोपाल सिंह, मेघालय से विनोद राय, मुंबई से हर्षदा फरांदे और डॉ. स्मिता आर. काले, नागालैंड से प्रभाकर यादव, ओडिशा से प्रशांत नायक और पंजाब से राजिंदर बिट्टा व सरदार हरविंदर सिंह ढिल्लों को जगह मिली है। इसके अलावा राजस्थान से जगदीश देवासी और संगीता सोलंकी, सिक्किम से गिरीश चंद्र राय, तेलंगाना से भानु प्रकाश मुधिराज, त्रिपुरा से गोपाल चंद्र चौधरी, उत्तर प्रदेश से भुवन भूषण कमल और डॉ. ऋचा राजपूत, उत्तराखंड से महेंद्र धीमान तथा पश्चिम बंगाल से अजीत दास और मीनाक्षी कर्मकार दास को राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य मनोनीत किया गया है।
युजवेंद्र चहल और सीमा समृद्धि कुशवाहा बने विशेष आमंत्रित सदस्य
इस नई सूची में सबसे अधिक चर्चा विशेष आमंत्रित सदस्यों के नामों को लेकर हो रही है। भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में तीन चर्चित हस्तियों को शामिल किया है, जिनमें दिल्ली कोटे से भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र सिंह चहल, उत्तर प्रदेश से प्रसिद्ध अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा और ओडिशा से प्रो. अद्वैत चरण गणनायक का नाम शामिल है।
voice of india