
पौड़ी गढ़वाल/हरिद्वार/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी का शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले पंचूर स्थित पैतृक आवास पर सभी पारंपरिक अंतिम रस्में पूरी की गईं और सुबह उनकी अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हुई। इस गमगीन मौके पर मां के अंतिम दर्शन करते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने आंसू नहीं रोक पाए और भावुक होकर रो पड़े। उन्होंने नम आंखों से मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। बताया जा रहा है कि इससे पहले सीएम योगी पूरी रात अपनी मां के पार्थिव शरीर के पास ही बैठे रहे और उन्होंने अन्न का एक दाना भी ग्रहण नहीं किया।
सावित्री देवी का अंतिम संस्कार आज सुबह करीब 11:30 बजे हरिद्वार के चंडीघाट पर पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न होगा। इस अंतिम यात्रा और संस्कार में शामिल होने के लिए यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, यूपी भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी मौजूद रहेंगे।
देखें VIDEO
अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम को लखनऊ लौटेंगे। वहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित होने वाले पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
शुक्रवार सुबह पैतृक गांव पंचूर में हुआ था निधन
गौरतलब है कि सीएम योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव के पैतृक आवास पर निधन हो गया था। वह 91 वर्ष की थीं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, वह पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं और शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। मां के निधन की दुखद खबर मिलते ही मुख्यमंत्री शुक्रवार को अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे और उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी थी।
गोरखपुर में कार्यक्रम के दौरान मिली थी दुखद सूचना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में आयोजित एक भव्य टैबलेट वितरण कार्यक्रम के दौरान अपनी मां के निधन की जानकारी मिली थी। जिस वक्त यह खबर आई, उस समय सीएम मंच से युवाओं को संबोधित कर रहे थे। इस सरकारी कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लाभार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाने थे।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन को सबसे पहले सावित्री देवी के निधन की खबर मिली थी। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार और पूर्व आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी को दी। करीब 61 मिनट का अपना संबोधन पूरा करने के बाद अवनीश अवस्थी ने मंच के पीछे जाकर मुख्यमंत्री को इस अपूरणीय क्षति की सूचना दी।
गोरखनाथ मंदिर में शोक सभा का आयोजन, दी गई श्रद्धांजलि
सावित्री देवी के निधन का समाचार मिलते ही शुक्रवार को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर में एक शोक सभा आयोजित की गई। इस सभा में मंदिर परिवार और महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद से जुड़े सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर परिषद के सदस्य रामजनम सिंह ने सभी संस्थाओं की ओर से मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।
voice of india