
लखनऊ (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का अभी तक आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन राज्य के सियासी गलियारों में राजनीतिक दलों ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर का बड़ा बयान सामने आया है। अपने बयान में राजभर ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए गठबंधन के भीतर अपनी पार्टी को 20 सीटें मिलने की उम्मीद जताते हुए इसे बेहतर विकल्प बताया है। दूसरी तरफ, विपक्षी खेमे यानी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच भी सीट बंटवारे को लेकर रस्साकशी तेज हो गई है।
मान्यता प्राप्त दल बनने का लक्ष्य, संजय निषाद के भी साथ रहने का दावा मीडिया से बातचीत के दौरान सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पार्टी की चुनावी रणनीति और लक्ष्य को स्पष्ट किया। राजभर ने कहा, “हमारा लक्ष्य कम से कम 13 सीटें जीतकर एक मान्यता प्राप्त पार्टी बनना है। अगर हमें 20 सीटें मिल जाती हैं, तो यह हमारे लिए अच्छा रहेगा।” इसके साथ ही एनडीए के एक अन्य सहयोगी दल निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए राजभर ने कहा कि संजय निषाद के साथ सब कुछ ठीक है। उन्होंने दावा किया कि संजय निषाद भारतीय जनता पार्टी के साथ ही रहेंगे और कहीं नहीं जाएंगे, क्योंकि उन्हें इस बात का अंदाजा है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी सत्ता में वापस नहीं आने वाली है।
ओम प्रकाश राजभर ने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर सराहना इस बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की भी खुलकर प्रशंसा की। मुख्यमंत्री के नेतृत्व की तारीफ करते हुए राजभर ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जितना मेहनती मुख्यमंत्री नहीं देखा है, जो हर परिस्थिति में कड़े फैसले लेते हैं और सामने आने वाली हर चुनौती को स्वीकार करते हैं।
विपक्षी खेमे में तेज हुई सीट बंटवारे की जद्दोजहद, सपा-कांग्रेस की बैठक टली जहां एक ओर सत्ताधारी गठबंधन के घटक दल अपनी हिस्सेदारी और रणनीति पर मंथन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्षी खेमे में भी टिकट और सीट बंटवारे को लेकर खींचतान बढ़ गई है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, सोमवार को ही कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 181 विधानसभा सीटों की एक सूची सौंपी थी। इससे साफ है कि कांग्रेस सपा के साथ गठबंधन में चुनाव तो लड़ना चाहती है, लेकिन उसकी दावेदारी 181 सीटों पर है। दूसरी तरफ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार सुबह ही यह संकेत दे दिया था कि गठबंधन में उसी उम्मीदवार को टिकट दिया जाएगा, जिसकी संबंधित सीट से जीतने की संभावना सबसे अधिक होगी। ऐसे में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर अभी सहमति बनती नजर नहीं आ रही है। पहले यह जानकारी सामने आई थी कि मंगलवार को सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं की बैठक होगी, लेकिन सुबह यह खबर आई कि आज होने वाली यह बैठक टाल दी गई है। अब सियासी गलियारों में इस बात पर सबकी निगाहें टिकी हैं कि दोनों गठबंधनों में किस दल के हिस्से में कितनी सीटें आती हैं।
voice of india