Friday , 27 November 2026

सुप्रीम कोर्ट से आजम खां को बड़ी राहत: फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में सजा पर रोक बरकरार, यूपी सरकार की अपील खारिज

नई दिल्ली / लखनऊ (ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खां को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में देश की सर्वोच्च अदालत से बड़ी कानूनी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को इस प्रकरण में इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को बरकरार रखा, जिसके तहत आजम खां की सजा पर रोक लगाई गई थी। शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली उत्तर प्रदेश सरकार की अपील को सिरे से खारिज कर दिया है। प्रदेश सरकार ने इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा सजा पर रोक लगाए जाने के निर्णय के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन शीर्ष न्यायालय ने हाईकोर्ट के रुख में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए आजम खां को मिली राहत को कायम रखा है।

दो अलग-अलग जन्मतिथियों से जुड़ा है पूरा विवाद इस बहुचर्चित मामले की पृष्ठभूमि वर्ष 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से जुड़ी है, जब आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम रामपुर की स्वार विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे। उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी नवाब काजिम अली खां उर्फ नावेद मियां तथा बाद में भाजपा नेता आकाश सक्सेना ने फर्जी जन्म प्रमाणपत्र के आधार पर चुनाव लड़ने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने अब्दुल्ला आजम का निर्वाचन रद्द कर दिया था और बाद में उन्हें सुप्रीम कोर्ट से भी कोई राहत नहीं मिल सकी थी। जांच में यह बात सामने आई थी कि अब्दुल्ला आजम के शैक्षिक प्रमाणपत्रों में उनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 1993 दर्ज है, जबकि नगर निगम लखनऊ द्वारा जारी किए गए जन्म प्रमाणपत्र में जन्मतिथि 30 सितंबर 1990 अंकित है। इसी विसंगति के आधार पर आजम खां सहित तीनों के खिलाफ फर्जी जन्म प्रमाणपत्र तैयार कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।

रामपुर कोर्ट से मिली थी सात-सात साल की सजा, हाईकोर्ट ने लगाई थी रोक इस प्रकरण की सुनवाई पूरी होने के बाद रामपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने आजम खां, उनकी पत्नी डॉ. तंजीम फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को दोषी करार देते हुए तीनों को सात-सात साल के कारावास की सजा सुनाई थी। निचली अदालत के इस फैसले के खिलाफ आजम खां के परिवार ने आपराधिक पुनरीक्षण याचिका दाखिल कर इलाहाबाद हाईकोर्ट की शरण ली थी और साथ ही जमानत की गुहार भी लगाई थी। हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए सजा के क्रियान्वयन पर रोक लगा दी थी, जिसे अब सुप्रीम कोर्ट ने भी अपनी मुहर लगाते हुए बरकरार रखा है।

Check Also

Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- यह भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा; सदन से गैरहाजिर रहने की अटकलों पर लगाया विराम

लखनऊ। केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र और संभावित परिसीमन विधेयक को …