
फाइल फोटो
लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सबसे संवेदनशील और वीआईपी माने जाने वाले हजरतगंज महिला थाने के भीतर एक बेहद चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। थाने में तैनात एक महिला सिपाही के साथ थाना परिसर के अंदर ही मारपीट और अभद्रता किए जाने से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पीड़िता महिला सिपाही शशि प्रिया ने अपने ही पति भानु बाजपेई और जेठ अमित बाजपेई पर थाने में जबरन घुसकर हमला करने, ईंट से मारने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति, जेठ तथा अन्य के खिलाफ सुसंगत एवं गंभीर धाराओं में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
शाम सवा पांच बजे थाना परिसर में घुसकर ईंट से किया वार
पीड़िता महिला सिपाही शशि प्रिया द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, यह घटना बीते 13 नवंबर की शाम लगभग 5:15 बजे घटित हुई। उस वक्त शशि प्रिया हजरतगंज महिला थाना परिसर में अपनी ड्यूटी पर मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान उनके पति भानु बाजपेई अचानक वहां पहुंचे और उन पर ईंट से खींचकर वार कर दिया। हमलावरों ने महिला सिपाही के साथ जमकर मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने अपनी तहरीर में यह भी खुलासा किया है कि यह पहली बार नहीं है जब आरोपियों ने थाने में हंगामा किया हो; इससे पूर्व गत 6 अक्टूबर की रात को भी उनके पति भानु बाजपेई और जेठ अमित बाजपेई महिला थाने आए थे और वहां मौजूद महिलाओं के साथ जमकर गाली-गलौज की थी।
बीच-बचाव करने आए अन्य पुलिसकर्मियों से भी की हाथापाई
शिकायत के मुताबिक, 13 नवंबर को जब थाना परिसर में महिला सिपाही पर हमला हो रहा था, तो शोर सुनकर वहां मौजूद अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने की कोशिश की। आरोप है कि बेखौफ आरोपियों ने पुलिसकर्मियों का भी लिहाज नहीं किया और बचाव करने आए स्टाफ के साथ भी अभद्रता व हाथापाई की।
वीआईपी इलाके के थाने में महिला पुलिसकर्मी की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस सनसनीखेज वारदात से आहत महिला सिपाही शशि प्रिया ने थाना प्रभारी निरीक्षक को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पति भानु बाजपेई, जेठ अमित बाजपेई और अन्य आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। राजधानी के हजरतगंज जैसे अति-संवेदनशील क्षेत्र में स्थित महिला थाने के अंदर हुई इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कानून के इकबाल पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आम जनमानस में भी यह चर्चा तेज हो गई है कि जब एक महिला थाने की चारदीवारी के भीतर खुद एक महिला पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं है, तो वहां न्याय की आस लेकर पहुंचने वाली आम महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी कैसे दी जा सकेगी।
voice of india