
जयपुर (ब्यूरो)। राजस्थान की राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र स्थित जगदंबा नगर में बुधवार शाम हुई एक खौफनाक गैंगवार ने पूरे शहर में दहशत फैला दी है। बेखौफ बदमाशों ने बीच सड़क पर हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया को घेरकर महज 45 सेकंड के भीतर कुल्हाड़ी, सरियों और पत्थरों से 17 ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। सरेआम हुए इस हत्याकांड का लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस सनसनीखेज कत्ल के बाद अब मृतक हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की पूरी आपराधिक कुंडली और लोगों पर रौब जमाने के उसके खौफनाक तरीकों की कहानी सामने आई है।
10 साल से अपराध की दुनिया में था सक्रिय, पैरोल पर आया था जेल से बाहर पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, विजय बाजिया जयपुर जिले के जोबनेर स्थित खिजूरियावास गांव की बाजिया की ढाणी का निवासी था। वह बीते करीब एक दशक से अपराध जगत में सक्रिय था और कई स्थानीय गैंग्स के संपर्क में रहकर काम कर रहा था। जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में उसके खिलाफ हत्या के दो मामलों समेत कुल 15 से अधिक संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। हाल ही में वह हत्या के ही एक केस में पैरोल पर जेल से बाहर आया था। उसकी बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने वर्ष 2024 में ही उसे हिस्ट्रीशीटर घोषित किया था।
विवादित जमीनों पर कब्जा दिलाने का था धंधा, सरपंच बनने का सपना रह गया अधूरा विजय ने कालवाड़ रोड स्थित रॉयल सिटी चौराहे के पास प्रॉपर्टी डीलिंग की एक दुकान खोल रखी थी। इस ऑफिस की आड़ में वह मुख्य रूप से विवादित जमीनों को खाली कराने और उन पर कब्जा दिलाने का काम करता था, जिसके कारण इलाके के कई लोगों से उसकी गहरी रंजिश चल रही थी। सियासत में कदम रखने के लिए वह हाल ही में खिजूरियावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहा था। इसके लिए उसने गांव में दशहरा पर्व का भव्य आयोजन कराया और जगह-जगह पोस्टर भी लगवाए थे, लेकिन उसकी खूंखार आपराधिक छवि के चलते गांव वालों ने विरोध कर उसे चुनाव मैदान में उतरने से रोक दिया।
‘302’ नंबर की फॉर्च्यूनर और वो खौफनाक डायलॉग जिससे कांपते थे लोग लोगों के बीच अपनी दहशत कायम रखने के लिए विजय बाजिया ने अपनी फॉर्च्यूनर कार का रजिस्ट्रेशन नंबर खास तौर पर ‘RJ14UQ0302’ लिया था। चूंकि भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 हत्या के जुर्म और सजा से जुड़ी है, इसलिए वह जब भी किसी विवादित प्रॉपर्टी पर जाता, तो गाड़ी का यह नंबर दिखाकर सामने वाले को डराता था। जमीनों के विवाद में दबाव बनाने के लिए वह अपने पुराने मर्डर केसों की धौंस दिखाता था और लोगों से खुलेआम कहता था कि “दो हत्या कर चुका हूं, तीसरी भी कर दूंगा, मेरा क्या बिगाड़ लोगे, मुझे फांसी तो होगी नहीं।”
30 किलोमीटर तक पीछा और कैंपर से टक्कर मारकर बिछाया मौत का जाल इस हत्याकांड की पटकथा बुधवार दोपहर को ही लिख दी गई थी, जब विजय का अपने गांव में प्रॉपर्टी और शराब ठेके के विवाद को लेकर कुछ लोगों से तीखा झगड़ा हुआ था। वहां धमकियां देने के बाद वह अकेला अपनी फॉर्च्यूनर कार से जयपुर के लिए निकला। गांव से निकलते ही एक कैंपर और एक अन्य कार में सवार हथियारबंद बदमाश उसके पीछे लग गए और करीब 30 किलोमीटर तक उसका पीछा किया। शाम करीब 7 बजे रावण गेट स्थित जगदंबा नगर में अपने घर के नजदीक पहुंचते ही विजय को पीछा कर रहे हमलावरों की भनक लग गई। बचने के लिए उसने खीलवट मार्ग की तरफ गाड़ी मोड़ी, लेकिन शाम 7:15 बजे बदमाशों ने कैंपर से उसकी फॉर्च्यूनर को जोरदार टक्कर मारकर रोक लिया।
100 मीटर दौड़ाकर कुल्हाड़ी और सरियों से किया क्षत-विक्षत गाड़ी रुकते ही जान बचाने के लिए विजय ड्राइवर के बगल वाली खिड़की से निकलकर भागा, लेकिन 5 से 6 हथियारबंद हमलावरों ने सड़क पर करीब 100 मीटर तक दौड़ाकर उसे घेर लिया। बदमाशों ने महज 45 सेकंड के अंदर कुल्हाड़ी, लोहे के सरियों, लाठी और पत्थरों से उस पर 17 वार किए। इस बर्बर हमले में उसका सिर, जबड़ा, आंख और हाथ बुरी तरह कट गए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दहशत में आए स्थानीय लोग, पुलिस ने शुरू की ताबड़तोड़ दबिश बीच सड़क पर हो रहे इस खूनी खेल को देखकर आसपास के लोग सहम गए। कुछ लोगों ने शोर मचाकर उसे बचाने का प्रयास किया और हमलावरों की गाड़ियों के नंबर नोट करने व चाबियां निकालने की बात भी कही, मगर बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान विजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह प्रॉपर्टी और शराब ठेके की पुरानी रंजिश सामने आई है। पूरे जयपुर में नाकाबंदी कर दी गई है और जोबनेर समेत संभावित ठिकानों पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
voice of india