
बिहार के दरभंगा जिले से साइबर फ्रॉड और हनीट्रैप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद एक इंजीनियर को डेढ़ करोड़ रुपये की चपत लगा दी गई। शादी का झांसा देकर और शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच दिखाकर आरोपी युवती ने तीन महीने के भीतर पीड़ित की सारी जमा-पूंजी हड़प ली।
ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित इंजीनियर दीपक कुमार ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दीपक दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवादा गांव के निवासी हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुआ संपर्क, प्यार और शादी का दिखाया सपना शिकायत के अनुसार, करीब तीन महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए दीपक की पहचान एक युवती से हुई थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे दोस्ती और फिर कथित प्रेम संबंधों में बदल गया। युवती ने दीपक को अपने प्रेम जाल में फंसाते हुए शादी का वादा किया और एक साथ बेहतर भविष्य का सपना दिखाया। युवती ने इतने शातिर तरीके से उसका विश्वास जीता कि दीपक उसकी बातों पर पूरी तरह भरोसा करने लगा।
30 अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराए 1.5 करोड़ रुपये पीड़ित ने पुलिस को बताया कि विश्वास जीतने के बाद युवती ने उसे शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने की सलाह दी। सुनहरे भविष्य के लालच में आकर दीपक ने उसके बताए अनुसार पैसे लगाने शुरू कर दिए। यह पूरा खेल केवल तीन महीने तक चला। इस दौरान आरोपी युवती ने तरह-तरह के बहानों से दीपक से 30 अलग-अलग बैंक खातों में कुल डेढ़ करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
हैरानी की बात यह है कि तीन महीने तक लगातार संपर्क में रहने के बावजूद उस युवती ने कभी भी वीडियो कॉल पर बात नहीं की। वह हमेशा केवल ऑडियो कॉल या चैटिंग के जरिए ही संपर्क साधती थी, जिससे उसकी पहचान और चेहरा गुप्त बना रहा।
रकम वापसी की मांग पर खुली पोल, 25% अतिरिक्त रकम की रखी शर्त इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब दीपक को अचानक पैसों की जरूरत पड़ी। उसने युवती से संपर्क कर अपने निवेश की मूल रकम वापस मांगी। इस पर युवती ने बहाना बनाया कि सिस्टम में मेंटेनेंस का काम चल रहा है, इसलिए पैसे खाते में आने में दो से तीन दिन का वक्त लगेगा।
दो-तीन दिन बीत जाने के बाद जब पैसे नहीं आए और दीपक ने दोबारा अपनी रकम मांगी, तो युवती ने एक नई शर्त रख दी। उसने कहा कि जमा राशि निकालने के लिए पहले कुल रकम का 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैक्स या चार्ज के रूप में जमा करना होगा। इस अजीबोगरीब मांग के बाद दीपक को समझ आ गया कि वह एक बड़े साइबर रैकेट और ठगी का शिकार हो चुका है। इसके बाद उसने बिना देर किए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
voice of india