Tuesday , 27 October 2026

यूपी MLC चुनाव: 11 सीटों पर सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू, लखनऊ में 29 प्रत्याशियों की साख दांव पर; देखें हर केंद्र का पूरा ब्योरा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मंगलवार सुबह 8:00 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हो गई है। प्रदेश के पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनावी नतीजों पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए राज्य के सात प्रमुख शहरों में विशेष केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर प्रेक्षकों की सीधी निगरानी और सीसीटीवी कैमरों के साये में मतपत्रों की गिनती कराई जा रही है। देर शाम तक सभी 11 सीटों के अंतिम परिणाम स्पष्ट होने की उम्मीद है।

सात शहरों में बनाए गए मतगणना केंद्र, सुरक्षा के कड़े पहरे में गिनती

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संबंधित जिलों के रिटर्निंग ऑफिसर के सीधे निर्देशन में मतगणना कराई जा रही है। सात प्रमुख शहरों में निर्धारित केंद्र इस प्रकार हैं:

  • लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: रमाबाई रैली स्थल, लखनऊ

  • वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन, वाराणसी

  • आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, आगरा

  • मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम (मेरठ)

  • इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज, झांसी

  • बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: संजय कम्युनिटी हॉल, बरेली

  • गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर, गोरखपुर

लखनऊ में 29 प्रत्याशियों का फैसला, 14-14 टेबल पर कर्मचारियों की तैनाती

राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के कुल 29 प्रत्याशियों के सियासी भविष्य का फैसला आज होना है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 16 उम्मीदवार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13 प्रत्याशी चुनावी रण में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतगणना स्थल रमाबाई मैदान में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 14-14 टेबल लगाई गई हैं और प्रत्येक टेबल पर चार-चार कुशल कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रदीप कुमार ने मतगणना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सुबह ठीक 8:00 बजे मतपेटियों से मतपत्र निकालने के बाद पहले उनकी गड्डियां तैयार की जा रही हैं, जिसके बाद प्राथमिकता वाले मतों की गिनती शुरू की जाएगी। हर टेबल पर प्रत्याशियों के एक-एक अधिकृत एजेंट की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। पूरी काउंटिंग प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जा रही है और परिसर के भीतर व बाहर त्रिस्तरीय सुरक्षा के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। पत्रकारों के लिए अलग से मीडिया सेंटर भी स्थापित किया गया है।

भाजपा और सपा में सीधी टक्कर, निर्दलीयों की मौजूदगी से मुकाबला दिलचस्प

लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के अवनीश कुमार सिंह और समाजवादी पार्टी की कांति सिंह के बीच माना जा रहा है, जबकि 14 निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में डटे हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के उमेश द्विवेदी और सपा के सुशील कुमार के बीच सीधा मुकाबला है, जहां 11 निर्दलीय उम्मीदवार दोनों दलों के समीकरणों को प्रभावित करने की कोशिश में हैं।

लखनऊ खंड के चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों की सूची

शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र (कुल 13 उम्मीदवार): उमेश द्विवेदी (भाजपा), सुशील कुमार (सपा), आशीष कुमार सिंह (निर्दलीय), जगजीवन प्रसाद शुक्ल उर्फ जगजीवन (निर्दलीय), जितेंद्र नाथ मिश्र (निर्दलीय), दीन दयाल गुप्त (निर्दलीय), देवेंद्र कुमार सिंह (निर्दलीय), धीरेंद्र सिंह (निर्दलीय), डॉ. रवींद्र कुमार त्रिपाठी (निर्दलीय), शाह आलम खान (निर्दलीय), सुशील कुमार (निर्दलीय), सोहन लाल (निर्दलीय) और श्रवण कुमार त्रिपाठी (निर्दलीय)।

स्नातक खंड निर्वाचन क्षेत्र (कुल 16 उम्मीदवार): अवनीश कुमार सिंह (भाजपा), कांति सिंह (सपा), अवनीश कुमार पांडेय (निर्दलीय), अवनीश पटेल (निर्दलीय), अवनीश सिंह (अतरौरा मीरपुर – निर्दलीय), अवनीश सिंह (आसपुर देवसरा – निर्दलीय), अवनीश कुमार सिंह (निर्दलीय), मो. आफाक उस्मानी (निर्दलीय), कांति देवी (निर्दलीय), धर्मेंद्र सिंह (निर्दलीय), वकील अहमद अंसारी (निर्दलीय), विजय कुमार (निर्दलीय), शैलेंद्र सिंह (निर्दलीय), स्मिता मिश्रा (निर्दलीय), सुनील कुमार श्रीवास्तव (निर्दलीय) और सुशील दुबे (निर्दलीय)।

 

Check Also

यूपी MLC चुनाव वोटर लिस्ट विवाद: ‘कंप्यूटर जातिवादी नहीं होते’, अजीबोगरीब नामों पर CEO नवदीप रिणवा का तंज; आयोग ने दिए संयम बरतने के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव की मतदाता सूची में मतदाताओं के अजीबोगरीब नाम …