Monday , 26 October 2026

बॉक्स ऑफिस पर तूफान लाने को तैयार रणबीर कपूर की ‘रामायण’: एडवांस बुकिंग में तोड़े रिकॉर्ड, दूसरे पार्ट की रिलीज पर आया बड़ा अपडेट

मुंबई: भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महत्वाकांक्षी और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शुमार नितेश तिवारी निर्देशित ‘रामायण’ की रिलीज की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। फिल्म के बड़े पर्दे पर दस्तक देने में अब महज 12 दिन का समय बाकी है, लेकिन सिनेमाघरों में अभी से दर्शकों का सैलाब उमड़ने लगा है। करीब 4000 करोड़ रुपये के भव्य बजट में तैयार इस महागाथा ने एडवांस बुकिंग खुलते ही टिकट खिड़की पर अभूतपूर्व शुरुआत की है। पहले ही दिन के टिकट बिक्री आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि यह फिल्म रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे पुराने कीर्तिमान ध्वस्त करने का इरादा रखती है।

एडवांस बुकिंग में उड़ाया गर्दा, पहले दिन की कमाई छूने लगी 10 करोड़ का आंकड़ा

सैकनिल्क (Sacnilk) के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, रिलीज से करीब दो हफ्ते पहले ही ‘रामायण’ ने पहले दिन के लिए 9.87 करोड़ रुपये का एडवांस ग्रॉस कलेक्शन दर्ज कर लिया है। टिकट बिक्री की बात करें तो देश भर के 133 शहरों में 4,324 शोज के लगभग 1.75 लाख टिकट पहले ही बिक चुके हैं। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि रिलीज से 12 दिन पहले इस स्तर का क्रेज भारतीय सिनेमा में बेहद दुर्लभ है। जिस रफ्तार से टिकटों की बुकिंग हो रही है, उसे देखते हुए माना जा रहा है कि ‘पठान’, ‘बाहुबली’ और ‘पुष्पा’ जैसी मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्मों के ओपनिंग डे रिकॉर्ड सीधे तौर पर खतरे में आ गए हैं।

‘रामायण: पार्ट 2’ को लेकर मायूस करने वाली खबर, आगे खिसक सकती है तारीख

एक तरफ जहां फिल्म के पहले भाग को लेकर दर्शकों में जबरदस्त रोमांच है, वहीं इसके दूसरे पार्ट को लेकर प्रशंसकों को थोड़ा निराश करने वाली खबर सामने आई है। उद्योग से जुड़े सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण: पार्ट 2′ में युद्ध और फाइटिंग सीन्स का पैमाना पहले पार्ट की तुलना में कहीं अधिक बड़ा और जटिल है। इन दृश्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का रूप देने के लिए अत्याधुनिक विजुअल इफेक्ट्स (VFX) और उच्चस्तरीय तकनीक की दरकार है।

गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न करते हुए मेकर्स ने पोस्ट-प्रोडक्शन को और अधिक समय देने का मन बनाया है। चर्चा है कि जो दूसरा पार्ट पहले 2027 में रिलीज होना प्रस्तावित था, वह अब 2028 तक खिंच सकता है। हालांकि, फिल्म के निर्माताओं की तरफ से रिलीज टलने को लेकर अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

 

Check Also

‘सत्ता के स्वार्थ में देश को अराजकता की भट्टी में झोंक रहीं कुछ ताकतें’: सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- ‘विकसित भारत’ की रीढ़ बना यूपी

ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैश्विक परिदृश्य और घरेलू राजनीति के …