Saturday , 28 November 2026

UP MLC Election: आगरा शिक्षक सीट के 3 बूथों पर पुनर्मतदान की सिफारिश, फूट-फूट कर रोए सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल; दी धर्म परिवर्तन की चेतावनी

आगरा: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव संपन्न होने के बाद आगरा शिक्षक सीट को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान गंभीर गड़बड़ियों और धांधली की शिकायतों के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान (री-पोलिंग) कराने की औपचारिक संस्तुति भारत निर्वाचन आयोग (ECI) को भेज दी है। अब चुनाव आयोग की हरी झंडी मिलते ही इन केंद्रों पर दोबारा वोटिंग की तारीख तय की जाएगी।

खेरागढ़, सैंया और फतेहाबाद के इन बूथों पर फिर हो सकता है मतदान

प्रशासन की ओर से निर्वाचन आयोग को भेजी गई रिपोर्ट में तीन प्रमुख मतदेय स्थलों पर दोबारा वोट डलवाने की सिफारिश की गई है। इनमें खेरागढ़, सैंया और फतेहाबाद के केंद्र शामिल हैं।

  • मतदेय स्थल संख्या 20: तहसील परिसर, खेरागढ़ (कक्ष संख्या-1)

  • मतदेय स्थल संख्या 21: क्षेत्र पंचायत कार्यालय, सैंया (कक्ष संख्या-1)

  • मतदेय स्थल संख्या 26: क्षेत्र पंचायत कार्यालय, फतेहाबाद (कक्ष संख्या-1) प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मतदान के दिन इन तीनों केंद्रों से अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन की गंभीर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं, जिसके बाद रिटर्निंग अधिकारी ने निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया।

सपा प्रत्याशी ने लगाए बूथ कैप्चरिंग के आरोप, कमिश्नर से मिले

मतदान में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी समर्थित प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे सीधे कमिश्नरी पहुंचे। उन्होंने मंडलायुक्त (कमिश्नर) नगेंद्र प्रताप से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी और चुनाव में धांधली की बात कही। डॉ. अग्रवाल ने सीधा आरोप लगाया कि खेरागढ़ के मतदान केंद्र संख्या-20 पर भाजपा प्रत्याशी के भतीजे ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर बूथ पर कब्जा कर लिया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि लंच ब्रेक के दौरान पीठासीन अधिकारी ने मतदान कक्ष का दरवाजा बंद कर मतदाताओं को जबरन बाहर कर दिया था। इसके अलावा उन्होंने छाता के मतदान केंद्र संख्या-40 पर स्कूल प्रबंधकों को गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लेने और नगर निगम इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या-10 पर भी अनियमितताओं के आरोप लगाए, हालांकि प्रशासन ने इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मीडिया के सामने छलके आंसू, कहा- ‘मुझे अपराधी जैसा समझा गया’

कमिश्नरी में शिकायत दर्ज कराने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए डॉ. आकाश अग्रवाल बात करते-करते बेहद भावुक हो गए और रो पड़े। उन्होंने कहा कि उनके लिए चुनाव जीतना या हारना उतना मायने नहीं रखता, जितना शिक्षकों, प्रबंधकों और उनके समर्थकों का आत्मसम्मान रखता है। उन्होंने पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस उनके साथ ऐसा सलूक कर रही है जैसे वह कोई बड़े अपराधी हों। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि अगर उन्हें जरा भी भनक होती कि इस चुनाव के चलते 12 जिलों के शिक्षकों, स्कूल प्रबंधकों और उनके परिवार को इस तरह की मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ेगी, तो वह कभी चुनावी मैदान में कदम ही नहीं रखते।

लखनऊ की शाही ईदगाह में धर्म परिवर्तन के एलान से मचा हड़कंप

विवाद के बीच डॉ. आकाश अग्रवाल का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। वीडियो में वह चुनाव के दौरान हुए कथित उत्पीड़न और उपेक्षा से आहत होकर अगले महीने राजधानी लखनऊ स्थित शाही ईदगाह में जाकर धर्म परिवर्तन करने का खुला एलान करते नजर आ रहे हैं। इस बयान के सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल सबकी नजरें भारत निर्वाचन आयोग पर टिकी हैं, जो तीनों केंद्रों पर पुनर्मतदान के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगाएगा।

 

Check Also

Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- यह भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा; सदन से गैरहाजिर रहने की अटकलों पर लगाया विराम

लखनऊ। केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र और संभावित परिसीमन विधेयक को …