Saturday , 2 May 2026

बच्चों को स्कूल छोड़ने गई महिला के साथ लूटपाट का प्रयास, जब बदमाशों को लोगों ने पकड़ा…

गौतमबुद्ध नगर, 19 सितंबर (हि.स.)। अपने बच्चों को आज सुबह को स्कूल छोड़ने गई एक महिला के साथ दो बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। महिला ने हिम्मत का परिचय देते हुए बदमाशों का विरोध किया तथा आसपास के लोग मौके पर आ गए। लोगों ने दोनों बदमाशों को पड़कर जमकर धुना तथा पुलिस के हवाले कर दिया। उनके पास से विभिन्न जगहों से लूटे हुए सात मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर 24 क्षेत्र में रहने वाली एक महिला आज सुबह को अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने गई थी। स्कूल के पास दो लड़के आए। उन्होंने महिला के गले से सोने की चेन लूटने का प्रयास किया। महिला ने हिम्मत से काम लिया तथा बदमाशों से भिड़ गई। उन्होंने बताया कि महिला के विरोध चलते बदमाश उसकी चेन नहीं लूट पाए, तथा मौके पर आसपास के लोग आ गए। उन्होंने बताया कि महिला और लोगों ने हिम्मत करके बदमाशों को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि शहर वासियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया।

उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए बदमाशों से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना नाम संजय पुत्र देवनारायण निवासी कल्याणपुरी दिल्ली उम्र 22 वर्ष तथा आशु पुत्र सुखबीर निवासी दल्लूपुरा दिल्ली उम्र 23 वर्ष बताया। उन्होंने बताया कि उनके पास से विभिन्न जगहों से लूटे हुए सात मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त बाइक आदि बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस के अधिकारी गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रहे हैं। इन्होंने एनसीआर में लूटपाट की दर्जनों वारदात करनी स्वीकार की है।

वहीं पुलिस अधिकारियों ने साहस का परिचय देते हुए बदमाशों को पकड़ने वाली महिला और उनके अन्य सहयोगियों को सम्मानित करने की बात कही है।

————–

Check Also

Bengal Election Result 2026: क्या बंगाल में खिलेगा ‘कमल’ या मचेगा ‘खेला’? नतीजों से पहले BJP की हाई-प्रोफाइल बैठक, ममता ने संभाला मोर्चा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर हुए महासंग्राम के नतीजे आने में अब …