Sunday , 18 October 2026

उपचुनाव परिणाम 2026: चार राज्यों की पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर मतगणना शुरू, नंदीग्राम से नगांव तक सियासी दिग्गजों की साख दांव पर

नई दिल्ली: देश के चार राज्यों—पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी में 6 अक्टूबर को संपन्न हुए विधानसभा व लोकसभा उपचुनावों के लिए मतों की गिनती आज सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। कुल पांच विधानसभा सीटों और असम की बहुचर्चित नगांव लोकसभा सीट पर डाले गए मतों के फैसले आने शुरू होंगे। विभिन्न राज्यों में तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रमों और नए गठबंधनों के बीच इन उपचुनावों के परिणाम सभी प्रमुख दलों के लिए भविष्य की दिशा तय करने वाले माने जा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल: बीजेपी सरकार की साख और विपक्ष का इम्तिहान पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों के उपचुनाव नतीजों पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं। प्रदेश में 15 वर्षों के तृणमूल कांग्रेस शासन के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने सरकार बनाई है। हालांकि, करीब चार माह पुरानी बीजेपी सरकार के लिए इसे सीधा जनमत संग्रह नहीं माना जा रहा, लेकिन सत्ता में आने के बाद पार्टी के जमीनी प्रभाव और विपक्षी दलों की संगठनात्मक पकड़ का आकलन करने के लिए यह परीक्षा बेहद निर्णायक होगी।

नंदीग्राम का सियासी संग्राम: शुभेंदु के इस्तीफे के बाद दिलचस्प मुकाबला पश्चिम बंगाल की राजनीति में नंदीग्राम हमेशा से सत्ता की धुरी रहा है। वर्ष 2021 के ऐतिहासिक विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने इसी सीट पर ममता बनर्जी को मात दी थी। 2026 के विधानसभा चुनाव में भी शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम से विजय हासिल की, लेकिन भवानीपुर सीट अपने पास रखने के चलते उन्होंने नंदीग्राम सीट खाली कर दी, जिसके चलते यह उपचुनाव कराना पड़ा।

रेजीनगर में झड़प और पुनर्मतदान की मांग उधर, रेजीनगर सीट पर मतदान के दौरान तनाव देखा गया था, जहां पुलिस से झड़प के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर को हिरासत में लिया गया था। इस सीट पर हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, कांग्रेस ने मतदान में अनियमितताओं और हिंसा का आरोप लगाते हुए दोनों सीटों पर दोबारा मतदान कराने की मांग उठाई थी। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, दोनों क्षेत्रों के कुल 5.24 लाख मतदाताओं में से करीब 80 फीसदी ने वोट डाले, जिसमें नंदीग्राम में 80.89 प्रतिशत और रेजीनगर में 80.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

तमिलनाडु: सत्तासीन टीवीके की अग्निपरीक्षा, अन्नाद्रमुक की वापसी पर नजर तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर भी मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। मई महीने में राज्य की सत्ता संभालने के बाद तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के लिए यह उपचुनाव लोकप्रियता का पहला बड़ा लिटमस टेस्ट है। दूसरी तरफ, मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक (AIADMK) को उम्मीद है कि वह विधानसभा चुनावों में गंवाई इन सीटों पर दोबारा कब्जा जमाकर जोरदार वापसी करेगी।

त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरे में हो रही मतों की गिनती प्रशासन ने मतगणना को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। तिरुपुर जिले के धारापुरम स्थित एलआरजी गवर्नमेंट आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज और चेंगलपट्टू के आथुर स्थित केंद्र पर मतगणना चल रही है। दोनों केंद्रों पर ईवीएम मतों की गिनती के लिए 14-14 टेबल और डाक मतपत्रों के लिए दो-दो टेबल लगाई गई हैं।

असम: नगांव लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय घमासान असम की नगांव संसदीय सीट पर बीजेपी, कांग्रेस और एआईयूडीएफ के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। बीजेपी ने पूर्व प्रशासनिक अधिकारी देवाशीष शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की तरफ से पूर्व विधायक शिवमणि बोरा और एआईयूडीएफ की ओर से पार्टी प्रमुख बदरुद्दीन अजमल मैदान में ताल ठोक रहे हैं। यह सीट कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के विधानसभा चुनाव जीतने और संसद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी। नगांव में करीब 76 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

 

Check Also

कोलकाता दुर्गा पूजा में कैसे मची भगदड़? बारिश, भीड़ और एंट्री-एग्जिट की उलझन से बिगड़े हालात….SIT गठित, 12 लोग हिरासत में

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा का उल्लास शनिवार शाम को अचानक …