
उत्तर प्रदेश के कानपुर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रेम प्रपंच, धोखाधड़ी और जबरन धर्मांतरण के दबाव का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाईलैंड की एक महिला को प्रेमजाल में फंसाकर शादी करने और लाखों रुपये हड़पने के आरोपी मोहम्मद इरफान ने अनवरगंज थाना पुलिस की पूछताछ में कई हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि उसने थाईलैंड निवासी अपसॉर्न से अपनी पहली शादी और तीन बच्चों का सच छिपाकर दूसरा विवाह किया था।
‘सोचा नहीं था वह भारत आ जाएगी’: आरोपी का कबूलनामा
अनवरगंज पुलिस की गिरफ्त में आए मोहम्मद इरफान ने पूछताछ के दौरान दलील दी कि उसके मजहब में दो शादियां जायज हैं, इसी वजह से उसने थाईलैंड में जाकर शादी की थी। उसने बताया कि उसकी योजना बाद में पहली पत्नी और तीन बच्चों के बारे में बताने की थी, लेकिन उसे कतई अंदाजा नहीं था कि वह कभी भारत आ जाएगी।
कारोबार के सिलसिले में महिला से करीब 13 लाख रुपये लेने की बात उसने कबूली है, जबकि पीड़िता ने उस पर 47 से 57 लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच में यह बात भी पुख्ता हुई है कि महिला से मिले पैसों से इरफान ने दिल्ली और लखनऊ से 21 लाख की ‘कावासाकी निंजा-10R’ और 34 लाख की ‘बीएमडब्ल्यू 1000’ जैसी महंगी सुपरबाइक्स खरीदी थीं, जिन्हें उसने बाद में बेच दिया था।
थाने में आमना-सामना: ‘मेरे धर्म में दो शादियां नहीं होतीं’
पुलिस ने जब थाने में आरोपी इरफान और पीड़िता अपसॉर्न को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की, तो विदेशी महिला का दर्द और आक्रोश फूट पड़ा। पीड़िता ने दो टूक कहा कि वह बौद्ध धर्म की अनुयायी है और उनके धर्म में बहुविवाह की कोई जगह नहीं है, ऐसे में उसके विश्वास के साथ इतना बड़ा धोखा क्यों किया गया।
जबरन हिजाब पहनाने और धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप
पीड़िता अपसॉर्न ने पुलिस को आपबीती बताते हुए कहा कि 5 अक्टूबर 2026 को जब वह भारत आकर अनवरगंज के दलेल पुरवा स्थित इरफान के घर पहुंची, तो उसे पहली बार पता चला कि इरफान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। जब उसने इस धोखे का कड़ा विरोध किया और अपने रुपये वापस मांगे, तो इरफान ने जबरन उसके चेहरे पर हिजाब पहना दिया।
आरोप है कि इरफान ने उस पर दबाव बनाया कि मुस्लिम धर्म अपनाने के बाद ही वह उसके साथ दोबारा निकाह करेगा। पीड़िता के मुताबिक, इरफान, उसके पिता चांद और दोस्त रेहान ने मिलकर उसके साथ बदसलूकी व मारपीट की और गालियां देकर उसे घर से निकाल दिया।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती से पटाया में शादी तक का घटनाक्रम
एसीपी (ACP) मंजय सिंह के अनुसार, थाईलैंड की रहने वाली अपसॉर्न पटाया बीच पर सी-फूड रेस्टोरेंट संचालित करती है। व्यापार के सिलसिले में पटाया जाने के दौरान इरफान की इंस्टाग्राम के जरिए उससे दोस्ती हुई थी। नजदीकियां बढ़ने पर 22 अप्रैल 2025 को दोनों ने महिला के परिवार की मौजूदगी में बौद्ध रीति-रिवाजों से शादी की थी। इरफान शादी से पहले एक बार और शादी के बाद छह बार यानी कुल सात बार थाईलैंड गया था।
कोर्ट में 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया, अन्य आरोपियों की तलाश तेज
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद से उसे लगातार इंटरनेट कॉलिंग के जरिए जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह के अनुसार, लिखित शिकायत मिलने पर इस बिंदु पर भी जांच की जाएगी।
फिलहाल अनवरगंज पुलिस ने मुख्य आरोपी इरफान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण पूरा कर लिया गया है और अदालत में धारा 164 के तहत उसके कलमबंद बयान दर्ज कराने की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। मामले में नामजद आरोपी इरफान के पिता चांद और साथी रेहान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
voice of india