
लखनऊ। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले पर अप्रत्याशित संकट के बादल मंडरा रहे हैं। क्रिकेट मैचों में अक्सर बारिश या खराब रोशनी खलल डालती है, लेकिन नवाबों के शहर लखनऊ में इस बार वजह बिल्कुल अलग और चिंताजनक है। यहां मुकाबले पर उफान मारती गोमती नदी की बाढ़ का खतरा बना हुआ है। नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी सीधे भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम के बाहरी इलाकों तक पहुंच चुका है, जिसके चलते प्रशासन को आनन-फानन में स्टेडियम की तरफ जाने वाले अंडरपास को बंद करना पड़ा है।
स्टेडियम के पास जमा हुआ पानी, आवाजाही हुई प्रभावित गोमती नदी में आई बाढ़ का असर इकाना स्टेडियम के आसपास साफ देखा जा सकता है। स्टेडियम से सटे इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। दर्शकों और टीमों के आवागमन को सुरक्षित रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए उस दिशा में जाने वाले अंडरपास पर बैरिकेडिंग कर वाहनों का प्रवेश रोक दिया है। इसके चलते मार्ग पर ट्रैफिक डाइवर्जन लागू किया जा सकता है।
मैच को लेकर स्टेडियम प्रबंधन ने दिया बड़ा बयान चारों तरफ पानी भरने की खबरों के बीच क्रिकेट प्रेमियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। इकाना क्रिकेट स्टेडियम मैनेजमेंट ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि बाहर के जलभराव का मैदान या मुकाबले के आयोजन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। प्रबंधन ने पुष्टि की है कि स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह सक्रिय है और भारत-वेस्टइंडीज का पहला T20 मुकाबला अपने पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार तय समय पर ही शुरू होगा। इधर, नगर निगम और जिला प्रशासन की टीमें पंप लगाकर पानी को तेजी से निकालने में जुटी हुई हैं।
आखिर स्टेडियम के इतने करीब कैसे पहुंच गया बाढ़ का पानी? स्टेडियम तक पानी पहुंचने की मुख्य वजह इसका भौगोलिक स्थान है। इकाना क्रिकेट स्टेडियम गोमती नदी से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। हालिया दिनों में नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। इसके अलावा स्टेडियम के ठीक बगल से गुजरने वाला एक मुख्य ड्रेनेज नाला पूरी तरह ओवरफ्लो हो गया। नाले का पानी वापस बैक मारकर आसपास के निचले हिस्सों में फैल गया, जिसने कुछ ही घंटों में बाढ़ जैसा रूप अख्तियार कर लिया।
इकाना में टीम इंडिया का अपराजेय रिकॉर्ड, विंडीज की राह मुश्किल अगर आंकड़ों की बात करें तो लखनऊ की पिच पर भारतीय टीम का पलड़ा हमेशा भारी रहा है। भारत और वेस्टइंडीज की टीमें दूसरी बार इकाना स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। पिछली भिड़ंत में टीम इंडिया ने कैरेबियाई टीम को करारी शिकस्त दी थी।
भारतीय टीम इस मैदान पर अपना चौथा अंतरराष्ट्रीय T20 मैच खेलेगी और खास बात यह है कि भारत ने यहां अब तक एक भी मुकाबला नहीं गंवाया है। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज के लिए यह इकाना में 5वां T20I होगा। इससे पहले खेले गए 4 मुकाबलों में से विंडीज टीम को 3 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में भारतीय टीम अपने विजय रथ को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
voice of india