
मुजफ्फरनगर। सोमवार देर रात जनपद के पुरकाजी थाना क्षेत्र में एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा पेश आया। लक्सर मार्ग पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और डंपर की आमने-सामने ऐसी भीषण टक्कर हुई कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया।
75वें जन्मदिन का जश्न मनाकर लौट रहा था परिवार प्राप्त जानकारी के अनुसार, नई मंडी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरी वृंदावन कॉलोनी के निवासी 50 वर्षीय आदेश गोयल अपने पूरे परिवार के साथ लक्सर गए हुए थे। परिवार वहां अपने मौसा राधेश्याम के 75वें जन्मदिन के समारोह में शामिल होने गया था। हंसी-खुशी कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग अपनी स्कॉर्पियो कार में सवार होकर वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही काल ने उन्हें घेर लिया।
टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर ही थमीं चार सांसें जैसे ही कार पुरकाजी थाना क्षेत्र के लक्सर मार्ग पर पहुंची, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के ग्रामीण दहल उठे। इस दर्दनाक हादसे में आदेश गोयल (50), निशा (35), राखी (48) और 11 वर्षीय बालक गोनी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
क्षतिग्रस्त कार को काटकर निकाले गए घायल हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोग अंदर ही लहूलुहान होकर फंस गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत कर कार के मलबे से घायलों को बाहर निकाला और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया।
मेरठ हायर सेंटर रेफर, मासूम बच्ची की हालत भी गंभीर एडीएम प्रशासन देश दीपक सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद तीन लोगों—कुसुम गोयल, रूबी गोयल और एक मासूम बच्ची को अस्पताल लाया गया था। रूबी गोयल मृतक आदेश गोयल की पत्नी हैं। डॉक्टरों ने कुसुम और रूबी की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घायल बच्ची को भी उच्च स्तरीय इलाज के लिए हायर सेंटर भेजने की व्यवस्था की गई। चारों मृतकों के शवों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
डंपर जब्त, चालक पुलिस हिरासत में प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्टि की है कि दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और उसके चालक को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि दुर्घटना का मुख्य कारण वाहन की अत्यधिक रफ्तार थी या चालक की कोई अन्य लापरवाही। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और रिश्तेदारों की भारी भीड़ अस्पताल में जमा हो गई। खुशी का सफर पलक झपकते ही मातम में तब्दील हो गया।
voice of india