
मथुरा। कान्हा की नगरी वृंदावन में स्थित संत प्रेमानंद महाराज का आश्रम इन दिनों लगातार विवादों के घेरे में आता नजर आ रहा है। कुछ समय पहले एक शिष्य की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब आश्रम परिसर और उसके आसपास से तीन अलग-अलग लोगों के रहस्यमय ढंग से लापता होने की खबरों ने खलबली मचा दी है। एक साथ सामने आए इन मामलों ने आश्रम की आंतरिक व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राधा केलि कुंज के बाहर धरने पर बैठे परिजन, असहयोग का आरोप लापता होने की घटनाओं में सबसे ताजा मामला 17 वर्षीय अनुज चौधरी का है। अनुज के परिजन उसकी सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाते हुए प्रेमानंद महाराज के राधा केलि कुंज आश्रम के मुख्य द्वार पर ही धरने पर बैठ गए हैं। परिजनों का साफ तौर पर आरोप है कि आश्रम के व्यवस्थापक और शिष्य उनकी मदद करने के बजाय असहयोग का रवैया अपना रहे हैं। वे लगातार अपने बच्चे की तलाश के लिए गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई ठोस जानकारी नहीं मिल रही है।
दीक्षा लेने आई महिला और 10 वर्षीय बालक भी लापता चिंता बढ़ाने वाली बात यह है कि लापता होने का यह इकलौता मामला नहीं है। नोएडा के सेक्टर 56 की रहने वाली 38 वर्षीय विभा सिन्हा भी यहां पहुंचने के बाद से रहस्यमय रूप से गायब हैं। विभा 15 अगस्त को महाराज जी से दीक्षा प्राप्त करने के इरादे से वृंदावन के लिए निकली थीं, मगर तब से उनका कोई सुराग नहीं लगा। विभा के बुजुर्ग पिता अपनी बेटी को ढूंढते हुए वृंदावन में दर-दर भटक रहे हैं। वहीं तीसरा मामला आश्रम के बाहर स्थित एक ढाबे पर काम करने वाली महिला के 10 वर्षीय बेटे वंश का है। मासूम वंश भी अचानक कहीं गायब हो गया, जिसकी शिकायत लेकर पीड़ित मां ने पुलिस और प्रशासन से गुहार लगाई है। लगातार सामने आए इन तीन मामलों ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
शिष्य की मौत का पुराना मामला और अनसुलझे सवाल इन गुमशुदगी के मामलों से पहले भी आश्रम एक बड़े विवाद से गुजर चुका है। जबलपुर के रहने वाले प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक पटेल उर्फ रसिक दुलारी शरण की बेहद संदिग्ध हालत में जान चली गई थी। दीपक आश्रम के पास स्थित एक बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल से नीचे गिर गया था। जांच के दौरान उसके निजी अंग कटे हुए पाए गए थे, जिसने उस वक्त आश्रम से जुड़े सुरक्षा और आपसी तालमेल के पहलुओं पर कई अनुत्तरित सवाल खड़े कर दिए थे।
पदयात्रा और सत्संग पर विराम, नए आश्रम में जाने से बढ़ीं अटकलें साल 2023 में भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के आगमन के बाद प्रेमानंद महाराज की लोकप्रियता देश-विदेश में तेजी से फैली थी। सोशल मीडिया पर उनके एकांत वार्तालाप और रात्रि पदयात्रा के वीडियो लाखों-करोड़ों लोग देखते थे। देश के कई बड़े राजनेता, उद्योगपति और बॉलीवुड सितारे भी उनके दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे।
हालांकि पिछले कुछ समय से परिस्थितियां काफी बदली हुई नजर आ रही हैं। महाराज जी की लोकप्रिय रात्रि पदयात्रा अचानक रोक दी गई है। यूट्यूब चैनल पर नए सत्संग वीडियो का प्रसारण बंद हो चुका है और पुराने वीडियो भी प्रसारित नहीं किए जा रहे हैं। इसी बीच महाराज जी का यमुना पार बने एक नए परिसर में चले जाना भी कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा है। इन तमाम घटनाओं और आश्रम प्रबंधन की ओर से किसी भी आधिकारिक स्पष्टीकरण के न आने से भक्तों के बीच अनिश्चितता और कयासों का दौर तेज हो गया है।
voice of india