
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए खुशखबरी है। पिछले एक दशक से पदोन्नति की राह देख रहे गुरुजनों को योगी सरकार दिवाली से पहले बड़ा तोहफा देने की तैयारी में है। बेसिक शिक्षा परिषद ने प्रदेश के लगभग 70 हजार शिक्षकों को प्रोन्नति देने की कवायद तेज कर दी है। इसके तहत सभी जनपदों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को प्राथमिकता के आधार पर वरिष्ठता सूची तैयार करने का आदेश जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2016 के बाद से परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया अटकी हुई थी। इसके चलते प्रदेशभर के लाखों शिक्षक लंबे समय से अपने करियर में आगे बढ़ने का इंतजार कर रहे थे। राज्य में कुल 3.30 लाख परिषदीय शिक्षक कार्यरत हैं, जिनमें से पात्रता के आधार पर करीब 70 हजार शिक्षकों को इस बहुप्रतीक्षित पदोन्नति का सीधा लाभ मिलेगा। सरकार के इस कदम से बेसिक शिक्षकों के मनोबल में भारी वृद्धि देखने को मिल रही है।
इस तरह तय होगा पदोन्नति का प्रारूप
नियमों के तहत प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों को प्राथमिक स्तर पर प्रधानाध्यापक अथवा उच्च प्राथमिक विद्यालयों (जूनियर बेसिक स्कूलों) में सहायक अध्यापक के पद पर पदोन्नत किया जाएगा। वहीं, प्राथमिक स्कूलों के वर्तमान प्रधानाध्यापकों और उच्च प्राथमिक स्कूलों के सहायक अध्यापकों को जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक पद का दायित्व सौंपा जाएगा।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तय मानकों के अनुसार प्राथमिक स्कूलों में 150 विद्यार्थियों पर एक प्रधानाध्यापक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 100 विद्यार्थियों पर एक प्रधानाध्यापक का पद स्वीकृत है। लंबे समय से पदोन्नति न होने के चलते ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के स्कूलों में प्रशासनिक व शैक्षणिक पद रिक्त पड़े थे, जिन्हें अब भरा जा सकेगा।
23 अक्टूबर तक परिषद कार्यालय पहुंचेगी वरिष्ठता सूची
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में वरिष्ठता सूची को पारदर्शी तरीके से तैयार कराएं। जिलों को यह कार्य तीन सप्ताह के भीतर पूरा करके 23 अक्टूबर तक परिषद कार्यालय को अनिवार्य रूप से प्रेषित करना होगा। विभागीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, आपत्तियों के निस्तारण और सूची के अंतिम रूप लेने के बाद नवंबर माह से पदोन्नति की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
शिक्षक संगठनों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
पदोन्नति के फैसले से शिक्षक वर्ग में उत्साह का माहौल है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष शिव शंकर सिंह और प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक लंबे अरसे से इस अधिकार की मांग कर रहे थे। महासंघ ने शिक्षकों की इस पुरानी व जायज मांग को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया है।
voice of india