
पटना। बिहार की राजधानी पटना में महिला सुरक्षा को लेकर फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र में कोचिंग से घर लौट रही दसवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ दो मनचलों ने सरेराह छेड़खानी की और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है। पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर, शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने छात्रा से दुष्कर्म के एक अन्य चर्चित मामले में मुख्य आरोपी और अपराध में मददगार बने दो होटल संचालकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोचिंग से लौटते वक्त बरकत खां का अखाड़ा के पास घेरा मेहंदीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने खाजेकलां थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में पूरी आपबीती बताई। पीड़िता के अनुसार, वह गुरहट्टा स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में 10वीं की पढ़ाई करती है। सोमवार देर शाम करीब पौने आठ बजे वह अपनी दो सहेलियों के साथ पैदल ही कोचिंग से घर लौट रही थी। जैसे ही वे खाजेकलां थाना क्षेत्र के बरकत खां का अखाड़ा के समीप पहुंचीं, रास्ते में पहले से घात लगाए खड़े दो मनचलों ने उस पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं और रास्ता रोककर छेड़खानी करने लगे।
विरोध करने पर की मारपीट, चीख-पुकार सुन पहुंचे स्थानीय लोग जब छात्रा ने मनचलों की घिनौनी हरकत का डटकर विरोध किया, तो दोनों आरोपी आगबबूला हो गए और उन्होंने छात्रा के साथ हाथापाई करते हुए मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से घबराई छात्राओं ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े। लोगों को अपनी तरफ आता देख दोनों मनचले मौके से भाग निकले। इसके बाद मंगलवार को पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी में कैद हुई करतूत, पुलिस ने की शिनाख्त घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बरकत खां का अखाड़ा क्षेत्र में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों मनचलों की करतूत और चेहरे साफ नजर आ रहे हैं। पटना के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजकिशोर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पीड़िता और उसकी सहेलियों ने भी फुटेज देखकर आरोपियों की पहचान की पुष्टि कर दी है। पुलिस की विशेष टीम आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
शास्त्रीनगर में छात्रा से दुष्कर्म: मुख्य आरोपी बॉबी और दो होटल संचालक जेल भेजे गए राजधानी के ही शास्त्रीनगर इलाके में छात्रा से दुष्कर्म के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शास्त्रीनगर थाने की पुलिस ने मुख्य आरोपी बॉबी समेत तीन लोगों को दबोचकर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से अथमलगोला का रहने वाला आरोपी बॉबी वारदात के बाद ठिकाना बदलकर रामकृष्णानगर इलाके में छिपकर रह रहा था, जहां से उसे धर दबोचा गया।
अपराध में साथ देने वाले होटल संचालक भी नहीं बचे पुलिस ने इस मामले में उस होटल के संचालकों पर भी सख्त शिकंजा कसा है, जहां कमरा उपलब्ध कराकर इस घिनौने अपराध को अंजाम दिया गया था। गिरफ्तार होटल संचालकों की पहचान नालंदा निवासी जितेंद्र कुमार और रामकृष्णानगर निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नियमों की अनदेखी कर अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले ऐसे प्रतिष्ठानों और उनके संचालकों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
voice of india