Tuesday , 29 September 2026

लखनऊ के मलिहाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात: चारपाई पर बैठे लोगों पर चढ़ाया लोडर वाहन, एक की मौत, चार घायल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र स्थित कसमंडी कलां गांव में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज और दर्दनाक वारदात सामने आई है। यहां मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने चारपाई पर बैठकर बातचीत कर रहे ग्रामीणों पर जानबूझकर लोडर वाहन चढ़ा दिया। इस खौफनाक हमले में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विवादित पासी किले के विवाद से जुड़े तार, पीड़ित पक्ष का गंभीर आरोप

पीड़ित पक्ष ने आरोपी युवक की पहचान फरजान के रूप में की है और पुलिस को दी गई तहरीर में उस पर सुनियोजित तरीके से गाड़ी चढ़ाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि वे कसमंडी कलां स्थित ऐतिहासिक पासी किले के विवादित धार्मिक स्थल को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। इसी रंजिश के तहत उन पर यह जानलेवा हमला किया गया।

मलिहाबाद के कसमंडी कलां में किले और धार्मिक स्थल को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। दोनों पक्ष स्थल पर अपने-अपने दावे करते रहे हैं। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने पहले ही इस विवादित परिसर में किसी भी प्रकार की धार्मिक गतिविधियों पर रोक लगा रखी थी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

मामूली कहासुनी के बाद आवेश में लौटा आरोपी, चारपाई पर बैठे लोगों को रौंदा

घटनाक्रम के अनुसार, यह वारदात सोमवार देर रात की है। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी श्यामलाल के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, श्यामलाल और गांव के अन्य लोग अपने पड़ोसी के दरवाजे के सामने चारपाई डालकर आपस में सामान्य बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां पहुंचे युवक से उनकी मामूली कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर आरोपी युवक गुस्से में वहां से चला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह लोडर वाहन लेकर तेज रफ्तार में वापस लौटा। जब तक चारपाई पर बैठे लोग कुछ समझ पाते या खुद को बचा पाते, तब तक आरोपी ने वाहन सीधे उन पर चढ़ा दिया।

आरोपी मौके से फरार, गांव में पुलिस बल तैनात

वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी फरजान मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मलिहाबाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। गांव में उपजे तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें दबिश दे रही हैं।

Check Also

कौन है गोल्डी बराड़? पुलिस अफसर के बेटे से ग्लोबल गैंगस्टर और घोषित आतंकी बनने की पूरी इनसाइड स्टोरी

नई दिल्ली। सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की खेप मंगवाना, जेल में बंद …