Monday , 28 September 2026

तिलक नगर में सड़क जांच के दौरान बवाल: PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पर आप विधायक के वीडियोग्राफर को थप्पड़ मारने का आरोप, डीसीपी दफ्तर पर हाई वोल्टेज ड्रामा

दिल्ली के तिलक नगर इलाके में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क की गुणवत्ता की जांच के दौरान भारी राजनीतिक घमासान मच गया। मौके पर मुआयना करने पहुंचे दिल्ली सरकार के PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और आम आदमी पार्टी (AAP) के स्थानीय विधायक जरनैल सिंह आमने-सामने आ गए। जांच के दौरान आरोप है कि मंत्री ने विधायक के साथ वीडियो रिकॉर्ड कर रहे एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना के बाद रविवार देर रात तक जमकर ड्रामा हुआ, जहां AAP नेताओं ने डीसीपी कार्यालय के बाहर धरना दिया, जिसके बाद पुलिस ने सौरभ भारद्वाज और विधायकों समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

एक करोड़ की सड़क पर विवाद की पूरी टाइमलाइन

पीडब्ल्यूडी ने तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट सेंटर से लेकर केशवपुरम सब्जी मंडी तक लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया था। शनिवार को ही इस सड़क का उद्घाटन हुआ था। उद्घाटन के अगले ही दिन आप विधायक जरनैल सिंह ने मौके पर पहुंचकर एक वीडियो जारी किया, जिसमें सड़क को हाथ से उखाड़कर घटिया निर्माण सामग्री और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए।

गुणवत्ता जांच के दौरान गरमाया माहौल, थप्पड़ मारने का आरोप

विधायक जरनैल सिंह का कहना है कि रविवार को मंत्री प्रवेश वर्मा ने उन्हें फोन करके मौके पर बुलाया ताकि वे खुद सड़क की गुणवत्ता देख सकें। विधायक अपने समर्थकों और वीडियोग्राफर टीम के साथ पहुंचे। विधायक के सोशल मीडिया हैंडल के लिए वीडियो रिकॉर्ड कर रहे साहिब सिंह नामक युवक का आरोप है कि जब सड़क उखड़ते हुए कैमरे में कैद हो रही थी, तभी गुस्से में आकर मंत्री प्रवेश वर्मा ने उसका हाथ मरोड़ा, फोन छीना और चेहरे पर थप्पड़ जड़ दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मंत्री के साथ मौजूद लोगों ने उसे धमकियां भी दीं।

डीसीपी कार्यालय पर देर रात धरना, पुलिस से धक्का-मुक्की और हिरासत

घटना से आक्रोशित आप नेता मंत्री के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर तिलक नगर थाने और फिर डीसीपी कार्यालय पहुंच गए। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक जरनैल सिंह और विधायक कुलदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता डीसीपी दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गए। पुलिस का कहना था कि शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। एफआईआर दर्ज न होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने सड़क पर प्रदर्शन तेज कर दिया। रात करीब 10:45 बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली, जिसके बाद सभी को बस में भरकर थाने ले जाया गया।

अरविंद केजरीवाल और आतिशी ने सरकार को घेरा, मंत्री को हटाने की मांग

मामला तूल पकड़ते ही आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने मोर्चा खोल दिया। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए इसे खुलेआम गुंडागर्दी करार दिया। केजरीवाल ने घोषणा की कि वह सोमवार को खुद मौके का मुआयना करेंगे। आप नेताओं ने उपराज्यपाल और सरकार से आरोपी मंत्री को तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है।

पीड़ित युवक और आप नेताओं के बयान

  • पीड़ित साहिब सिंह: “मंत्री जी ने सोचा नहीं था कि सड़क का सच सामने आएगा। विधायक जी ने सड़क को हाथ से उठाया तो वह पापड़ की तरह उखड़ गई। इसे मंत्री जी सह नहीं पाए। उन्होंने मेरा फोन छीना, हाथ मोड़ा और मुझे थप्पड़ मार दिया। उनके साथ आए लोगों ने मुझे पीटा और धमकी दी। क्या देश में कोई सवाल भी नहीं पूछ सकता? पुलिस मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कर रही।”

  • विधायक जरनैल सिंह: “भ्रष्टाचार की पोल खुलते ही मंत्री जी आपे से बाहर हो गए। फोन पर कह रहे थे कि सड़क सही बनी है, लेकिन जब मौके पर सड़क सच में हाथ में आ गई तो भाजपा वालों के कैमरे बंद हो गए। हमारी तरफ से साहिब सिंह वीडियो बना रहा था, तो मंत्री जी ने तिलमिलाकर उसके मुंह पर थप्पड़ जड़ दिया।”

  • आप प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज: “एसएचओ के सामने युवक को थप्पड़ मारा जाता है, वीडियो पूरे देश में वायरल है, फिर भी पुलिस एफआईआर दर्ज करने के बजाय पीड़ित और हमें ही थाने उठा लाई। पीड़ित को फोन पर धमकियां मिल रही हैं। यह पूरी तरह से गुंडागर्दी है।”

मंत्री प्रवेश वर्मा की सफाई: ‘मेरे परिवार को गाली दी गई, कमीशन मांगते हैं विधायक’

दूसरी ओर, पूरे विवाद पर PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने थप्पड़ मारने के आरोप पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आप के एक कार्यकर्ता ने उनके परिवार को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गाली दी, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही मंत्री ने विधायक जरनैल सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि विधायक विकासपुरी रिंग रोड के निर्माण को लेकर पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों के जरिए ठेकेदारों से मिलते हैं और कमीशन की मांग करते हैं।

Check Also

‘ऐसे कपड़े पहनकर वहां मत जाना…’ अफगान महिला पत्रकार के सवाल पर पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने किया ऐसे इशारा, Video देख भड़के लोग

संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की बैठक के दौरान न्यूयॉर्क पहुंचे पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा …