Saturday , 26 September 2026

140 की रफ्तार, कई कलाबाजियां और 30 फीट गहरी खाई… आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बिछ गईं तीन लाशें

आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार की सुबह एक ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसे देखकर राहगीरों की रूह कांप गई। दिल्ली से बलिया के लिए निकली एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क पर कई बार पलटते हुए तबाही का मंजर छोड़ गई। हादसे का असर इतना खौफनाक था कि कार की पिछली सीट पर बैठे तीन लोग हवा में उछलकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरे। नीचे नुकीले पत्थरों पर गिरते ही तीनों ने तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

दिल्ली से बलिया का सफर बना जिंदगी का आखिरी सफर

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से पांच लोग कार में सवार होकर बलिया के लिए निकले थे। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे जैसे ही इनकी कार थाना डौकी क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 15.400 के पास पहुंची, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 140 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। अचानक तेज रफ्तार कार से चालक का नियंत्रण छूट गया, जिसके बाद बेकाबू गााड़ी सीधे मध्य डिवाइडर से जा टकराई।

खिड़की तोड़कर खाई में जा गिरे तीन युवक

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क पर कई बार पलटी खा गई। इसी दौरान पिछली सीट पर बैठे तीन यात्री कार के शीशे तोड़ते हुए बाहर छिटक गए और पास ही मौजूद 30 फीट गहरी खाई में पत्थरों पर जा गिरे। पत्थरों से सीधा सिर टकराने के कारण तीनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कार के अगले हिस्से में बैठे चालक और उसके बगल में मौजूद युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों को भेजा अस्पताल

हादसे की गूंज सुनते ही आसपास के लोग और एक्सप्रेसवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालक मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही डौकी थाना पुलिस और यूपीडा (UPEIDA) की गश्ती टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए खाई से तीनों शवों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया।

थानाध्यक्ष डौकी सुनीत कुमार शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कार तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराकर पलटी थी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है और दो घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

 

Check Also

स्कूलों के 50 मीटर दायरे में बैन होगा जंक फूड! चिप्स, बर्गर और कोल्ड ड्रिंक की बिक्री पर FSSAI की सख्त तैयारी, जानिए नया नियम

नई दिल्ली। चिप्स, समोसे, पिज्जा, बर्गर, नूडल्स और कोल्ड ड्रिंक… स्कूल की घंटी बजते ही …