Saturday , 26 September 2026

यूपी में भारी बारिश का हाहाकार : 8 जिलों में रेड अलर्ट, लखनऊ-कानपुर समेत 25 से ज्यादा जिलों में 12वीं तक के स्कूल बंद; प्रशासन मुस्तैद

लखनऊ। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय नए मौसमी तंत्र और पश्चिमी विक्षोभ के आपस में टकराने के कारण उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पिछले 24 घंटों से तराई और पूर्वांचल के अधिकांश हिस्सों में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है। निरंतर हो रही वर्षा से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और पारे में आई भारी गिरावट से प्रदेशभर में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार शनिवार को बारिश का दायरा और अधिक विस्तृत होगा, जिसके चलते नेपाल सीमा से सटे तराई क्षेत्रों और मध्य यूपी में अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका जताई गई है।

तराई के 8 जिलों में रेड अलर्ट, 12 जिलों में ऑरेंज चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार से लेकर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग ने आठ जिलों—श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर—में अत्यधिक भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।

इसके अलावा बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल और बदायूं समेत 12 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ घोषित किया गया है। पूर्वांचल, मध्य और पश्चिमी यूपी के लगभग 39 जिलों में भारी बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ प्रभावी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 59 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार झोंकों में 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

लखनऊ, कानपुर, गोंडा सहित दो दर्जन से अधिक जिलों में स्कूल बंद

बारिश के रेड और ऑरेंज अलर्ट तथा शहरों में हुए गंभीर जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए बड़े पैमाने पर शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया है।

  • लखनऊ: जिलाधिकारी विशाख जी ने शनिवार को जिले के प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी बोर्ड (यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई आदि) के सरकारी, सहायता प्राप्त व निजी विद्यालयों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

  • गोंडा व बलरामपुर: गोंडा की डीएम प्रियंका निरंजन ने नर्सरी से 12वीं तक के स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया है, जहां अब कक्षाएं 28 सितंबर को संचालित होंगी। बलरामपुर में भी 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे।

  • अंबेडकर नगर व रायबरेली: अंबेडकर नगर में डीएम ईशा प्रिया और रायबरेली में एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ ने भारी बारिश और आंधी की आशंका के चलते सभी बोर्ड के 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।

  • अन्य जिले: सीतापुर, बाराबंकी, श्रावस्ती, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, फतेहपुर, जालौन, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, उन्नाव, कन्नौज, हरदोई, औरैया, गोरखपुर, महराजगंज, बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, मिर्जापुर, गाजीपुर, चंदौली, भदोही, प्रयागराज, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ में भी शनिवार को 12वीं तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे।

फ्लैश फ्लड और आकाशीय बिजली की गंभीर आशंका

आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में बने कम दबाव के क्षेत्र (डिप्रेशन) का असर उत्तर प्रदेश पर 27 सितंबर तक बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, लखनऊ, कानपुर नगर और फतेहपुर सहित कई जनपदों के जलग्रहण (वाटरशेड) क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) आने की चेतावनी दी है। वज्रपात (आकाशीय बिजली) और तेज हवाओं के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों या पार्कों के नीचे शरण न लें।

राहत आयुक्त ने कसी कमर: डीएम को दिए फील्ड में उतरने के निर्देश

बिगड़ते हालात को देखते हुए राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ आपात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मौसम की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय स्तर पर स्कूल-कॉलेज बंद करने और राहत कार्यों को तेज करने का निर्णय लें।

राहत आयुक्त ने लेखपालों और ग्राम विकास अधिकारियों को कच्चे मकानों और बस्तियों के आसपास जलभराव की स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रखने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में फायर सर्विस, पीएसी, सिविल डिफेंस, होमगार्ड और आपदा मित्रों की टीमों को तैनात कर दिया गया है। आम नागरिकों की सहायता के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 1070 को सक्रिय रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अति आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकलें और जारी एडवाइजरी का पूरी तरह पालन करें।

Check Also

स्कूलों के 50 मीटर दायरे में बैन होगा जंक फूड! चिप्स, बर्गर और कोल्ड ड्रिंक की बिक्री पर FSSAI की सख्त तैयारी, जानिए नया नियम

नई दिल्ली। चिप्स, समोसे, पिज्जा, बर्गर, नूडल्स और कोल्ड ड्रिंक… स्कूल की घंटी बजते ही …