Sunday , 27 September 2026

Kanshiram Parinirwas Divas 2026: बसपा संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर इस बार नहीं होगा मायावती का संबोधन, जानें क्या है पार्टी का प्लान

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशीराम के आगामी 9 अक्टूबर को आने वाले परिनिर्वाण दिवस को लेकर पार्टी की ओर से तैयारियां शुरू हो गई हैं। हालांकि, इस बार के आयोजन में पिछले सालों के मुकाबले एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। बसपा सुप्रीमो मायावती इस बार पिछले वर्ष की तरह राजधानी में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम को संबोधित नहीं करेंगी।

दिल्ली के प्रेरणा स्थल पर देंगी श्रद्धांजलि

सूत्रों के मुताबिक, इस वर्ष मायावती दिल्ली स्थित प्रेरणा स्थल पहुंचकर बसपा संस्थापक कांशीराम को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। उनकी अनुपस्थिति में बहुजन समाज पार्टी के बड़े प्रदेश पदाधिकारियों के नेतृत्व में राजधानी लखनऊ में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

बीते वर्ष कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस के मौके पर बसपा सुप्रीमो ने पुरानी जेल रोड स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर एक विशाल कार्यक्रम को संबोधित किया था। उस दौरान वहां लाखों की संख्या में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी थी। विधानसभा चुनाव से करीब डेढ़ साल पहले हुए उस बड़े शक्ति प्रदर्शन से बसपा को खासा जनसमर्थन और राजनीतिक मजबूती मिली थी।

प्रदेशभर से जुटेंगे कार्यकर्ता, नोएडा स्थल पर मरम्मत का कार्य जारी

इस बार भी पार्टी हाईकमान ने कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बड़ी संख्या में राजधानी लखनऊ पहुंचने का आह्वान किया है। गौरतलब है कि बसपा का यह मुख्य परिनिर्वाण दिवस समारोह अमूमन लखनऊ और नोएडा में आयोजित होता रहा है। हालांकि, पिछले दो बार से नोएडा के कार्यक्रम स्थल पर मरम्मत और निर्माण कार्य चलने के कारण वहां होने वाला आयोजन टाला जा रहा है। वहीं, बसपा सुप्रीमो खुद कई मौकों पर 9 अक्टूबर को कांशीराम स्थल पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रही हैं।

 

Check Also

यूपी 2027 चुनाव: प्रयागराज में चिराग पासवान का शक्ति प्रदर्शन, ‘यूथ बोले तो’ से भरेंगे हुंकार; चुनाव आयोग को दी बड़ी नसीहत

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के प्रमुख घटक दल …