Friday , 27 November 2026

थाने के सामने महिला से मारपीट, चोटी पकड़कर बाइक पर बैठाया; वीडियो वायरल

औरैया । उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र में पुलिस की नाक के नीचे महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। थाने के ठीक सामने एक महिला को उसके ससुराल पक्ष ने बीच सड़क पर पीटा और चोटी पकड़कर जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। यह घटना वहां मौजूद लोगों के मोबाइल कैमरों में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो की पुष्टि voiceofindia.online नही करता है

जानकारी के अनुसार दिबियापुर के भट्टा बस्ती निवासी एक महिला ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर थाने में शिकायत दर्ज कराने जा रही थी। तभी उसके पति और अन्य ससुरालजन वहां पहुंचे और रास्ते में ही उसे रोक लिया। महिला के विरोध करने पर आरोपितों ने बीच सड़क पर उसकी पिटाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपितों ने महिला की चोटी पकड़कर उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की।

यह नजारा देख मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया। ग्रामीणों और राहगीरों के विरोध के चलते महिला किसी तरह आरोपितों से छूटकर थाने में पहुंची। वहां उसने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।

इस पूरे मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि घटना थाने के ठीक सामने हुई। लोगों का कहना है कि थाने के पास ऐसी घटना होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

इस संबंध में कस्बा इंचार्ज नईम ने बताया कि शनिवार को महिला का प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Check Also

Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- यह भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा; सदन से गैरहाजिर रहने की अटकलों पर लगाया विराम

लखनऊ। केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र और संभावित परिसीमन विधेयक को …